'जनविश्वास को नुकसान पहुंचाने वालों पर करूंगा कानूनी कार्रवाई', आकाश यादव की शिकायत पर तेज प्रताप यादव की प्रतिक्रिया
पटना, 18 जून (आईएएनएस)। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव कानूनी मुसीबत में फंस सकते हैं। उनके खिलाफ आकाश यादव ने शिकायत दर्ज कराई। उन पर घर में जबरन घुसने और धमकी देने का आरोप लगा है। तेज प्रताप ही नहीं, बल्कि उनके पीए के भी नाम पर शिकायत दर्ज करवाई गई है। इस पर तेज प्रताप यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने आकाश यादव का नाम नहीं लिया है। उन्होंने कानूनी नोटिस को साझा करते हुए लिखा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस व्यक्ति को उसके अभद्र, अपमानजनक, धमकीपूर्ण एवं असामाजिक व्यवहार के संबंध में विधिवत कानूनी नोटिस भेजा गया, उसने अपनी गलती स्वीकार करने या खेद व्यक्त करने के बजाय प्रतिशोध की भावना से प्रेरित होकर मेरे विरुद्ध एक झूठी एवं मनगढ़ंत प्राथमिकी दर्ज कराने का प्रयास किया है।
उन्होंने लिखा कि यह स्पष्ट रूप से मेरी सार्वजनिक छवि, सामाजिक प्रतिष्ठा और वर्षों से अर्जित जनविश्वास को धूमिल करने का एक सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है। मैं एक सार्वजनिक जीवन से जुड़ा व्यक्ति हूं और सदैव कानून, मर्यादा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करता आया हूं। किंतु मेरी जनसुलभता, विनम्रता और लोगों से जुड़े रहने की प्रवृत्ति को कोई मेरी कमजोरी समझने की भूल न करे। सार्वजनिक जीवन में होने का अर्थ यह नहीं कि मैं असभ्यता, झूठ, चरित्रहनन या कानून के दुरुपयोग को सहन करूंगा।
तेज प्रताप यादव ने लिखा कि मैं इस प्रकार की दुर्भावनापूर्ण, भ्रामक और तथ्यहीन कार्रवाइयों की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। कानून का दुरुपयोग कर झूठी कहानियां गढ़ना न केवल न्याय व्यवस्था का अपमान है, बल्कि सत्य और नैतिकता पर भी सीधा प्रहार है। मुझे न्यायपालिका, कानून और संवैधानिक संस्थाओं पर पूर्ण विश्वास है। सत्य तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सामने आएगा तथा हर झूठ का पर्दाफाश होगा।
उन्होंने कहा कि मैं अपने सम्मान, प्रतिष्ठा और जनविश्वास को क्षति पहुंचाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध उपलब्ध सभी कानूनी उपायों का उपयोग करते हुए कठोरतम कार्रवाई करूंगा। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि न तो मैं किसी प्रकार के दबाव में आने वाला हूं, न ही झूठे आरोपों और दुष्प्रचार से विचलित होने वाला हूं। मेरी प्रतिबद्धता सत्य, न्याय और जनता के विश्वास के प्रति है, और उसकी रक्षा के लिए मैं हर वैधानिक कदम उठाऊंगा। झूठ, भय और साजिश के आगे न कभी झुका हूं, न झुकूंगा। सत्य की विजय निश्चित है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी