×

जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में नोएडा में युवती पर जीरो एफआईआर दर्ज

 

नोएडा, 30 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक युवती के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना एक्सप्रेसवे में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह मामला 23 जुलाई को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। शिकायतकर्ता स्मृति सिंह, पत्नी तेजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान रुचिका सिंह ने सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया।

एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता को इस घटना की जानकारी 23 जुलाई को प्राप्त हुई। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी द्वारा दिए बयान से न केवल प्रधानमंत्री के संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची, बल्कि यह कृत्य जानबूझकर विद्वेष फैलाने और लोक शांति भंग करने की मंशा से किया गया प्रतीत होता है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से अनुरोध किया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए। पुलिस ने प्रथम दृष्टया शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 353(1) और 356(1) के अंतर्गत जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है।

जीरो एफआईआर दर्ज होने के कारण आगे की विवेचना संबंधित अधिकार क्षेत्र की पुलिस द्वारा की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों, वीडियो फुटेज तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई करेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी