×

ममता बनर्जी पर भाजपा नेताओं का निशाना, कहा-'जनता ने टीएमसी को उखाड़कर फेंक दिया'

 

उत्तर 24 परगना, 13 जून (आईएएनएस)। कामरहाटी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के विधायक मदन मित्रा के कई फ्लैटों पर ईडी की छापेमारी को लेकर भाजपा नेता पवन सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए पवन सिंह ने कहा, "सबको पता है कि इन लोगों की जांच के लिए ईडी और सीबीआई काफी लंबे वक्त से लगी हुई हैं। जब ये सत्ता में थे तो कॉपरेट नहीं करते थे। अब सत्ता में नहीं हैं तो ईडी, सीबीआई और सीआईडी सख्ती से जांच कर रही है। केवल मदन मित्रा ही नहीं, कई और लोगों के खिलाफ जांच की जाएगी। टीएमसी के छोटे नेता से लेकर बड़े नेता, सभी लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।"

पवन सिंह ने कहा कि बीते 15 वर्षों में इन लोगों ने क्या किया है, वह बहुत जल्द सभी के सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि टीएमसी के लोग कहीं भी पैसा खाने से पीछे नहीं रहे हैं। सरकार की काफी कम फीस होती है, और ये लोग ज्यादा से ज्यादा फीस लेते थे। यह समझ नहीं आता कि टीएमसी के समय में कोई शिक्षा व्यवस्था थी या नहीं। उन्होंने कहा कि अगर स्कूल से एक करोड़ 70 लाख रुपए निकल रहे हैं तो समझा जा सकता है कि आने वाले वक्त में और क्या-क्या देखना पड़ेगा।

वहीं, भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने जांच होने के लिए ही तो वोट दिया है। आरोप सही पाए जाते हैं तो जरूर कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर में जो शिकायत की गई है उसको देखा जाएगा। बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को दिखा दिया कि लोकतंत्र अभी जिंदा है। जनता सबसे पहले है, जनता ने टीएमसी को उखाड़कर फेंक दिया।

भाजपा विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जैसी स्थिति छोड़ी थी, जाहिर है, राज्य में एक तरह का राजनीतिक पलायन हो रहा है। ऐसा होना स्वाभाविक है क्योंकि हर कोई उनके नेतृत्व से नाखुश था।

भाजपा नेता संजय जायसवाल ने कहा कि बंगाल की आम जनता पर टीएमसी के गुंडों ने जिस तरह के अत्याचार किए, उससे जनता को बहुत परेशानी हुई। लोग बहुत परेशान थे और उन्होंने ममता बनर्जी को एक कड़ा संदेश दिया, लेकिन अब यह बात सामने आ रही है कि अभिषेक बनर्जी के अत्याचारों से तृणमूल के कार्यकर्ता और नेता भी नाखुश हैं।

भाजपा नेता सुदीप्ता दास ने कहा कि अगर ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के घरों पर छापेमारी नहीं होगी, तो फिर कहां होगी? टीएमसी के लोग, नेता, अभिषेक बनर्जी और बंगाल के सभी लोग जानते हैं कि उन्होंने क्या किया है। उन्होंने हर जगह से जबरन वसूली की है।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम