×

जनसेवा, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है पीएम मोदी का कार्यकाल: कौसर जहां

 

नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। पीएम मोदी ने भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार प्रमुख बनने का रिकॉर्ड बना लिया है। पीएम मोदी के इस मुकाम पर पहुंचने पर दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने कहा कि यह हम सभी के लिए बेहद खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री ने लगातार जनसेवा के क्षेत्र में एक और रिकॉर्ड बनाया है।

आईएएनएस से बातचीत में कौसर जहां ने कहा कि यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, यह उनकी अथक मेहनत, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रमाण है। जमीनी स्तर पर, जिस रफ्तार से उन्होंने विकास को आगे बढ़ाया है-चाहे वह आधुनिक बुनियादी ढांचा हो, डिजिटल क्रांति हो, सरकारी योजनाएं हों या गरीबों के कल्याण के लिए शुरू की गई पहलें हों-उसने सचमुच भारत की तस्वीर बदल दी है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में हर भारतीय खुद को सुरक्षित महसूस करता है। यह स्थिरता और विश्वास समावेशी विकास का प्रतीक बन चुका है। मैं पीएम मोदी को दिल से बधाई देना चाहती हूं। मुझे विश्वास है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत और भी ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

एक्स पोस्ट में कौसर जहां ने लिखा कि पीएम मोदी ने 8,931 दिनों का अभूतपूर्व कार्यकाल पूरा करते हुए वे भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले शासन प्रमुख बन गए हैं। गरीब परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने की यह यात्रा समर्पण, ईमानदारी और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। लगातार 3 बार जनता का आशीर्वाद और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में मजबूत सरकार, यह विश्वास ही ‘विकसित भारत’ की दिशा तय कर रहा है। यह सफर केवल समय का नहीं, बल्कि विश्वास, विकास और विश्व में भारत के बढ़ते गौरव का प्रतीक है।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमारे नेता नरेंद्र मोदी के नाम अब देश में सार्वजनिक पद पर सबसे लंबे समय तक रहने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार सेवा करते हुए, वे 8,931 दिनों से भी ज्यादा समय तक पद पर रहे हैं। यह रिकॉर्ड इतना अहम बनने वाला है कि देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने और सार्वजनिक पद पर सबसे लंबे समय तक बिताने का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम होगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी