जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे तेजस्वी यादव : मंत्री रत्नेश सदा
पटना, 24 अगस्त (आईएएनएस)। भागलपुर में तटबंध टूटने, तेजस्वी यादव के छात्रों के विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने और राहुल गांधी के छात्रों व महिलाओं के मुद्दों पर उठाए सवालों को लेकर बिहार सरकार में मंत्री रत्नेश सदा प्रतिक्रिया दी। मंत्री ने विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर जनता को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
भागलपुर में गंगा नदी के तटबंध में आई दरार पर चिंता जताते हुए मंत्री रत्नेश सदा ने आईएएनएस से कहा, "यह बाढ़ का मौसम है। हमारी सरकार और जल संसाधन विभाग लगातार नजर रखे हुए हैं। अब जब बांध टूट गया है, तो स्वाभाविक है कि पानी निचले इलाकों में जाएगा। हम नुकसान का आकलन करा रहे हैं। हमारी एसडीआरएफ की टीम वहां मौजूद है और किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं है।"
बाढ़ की स्थिति पर मंत्री रत्नेश सदा ने कहा, "हम प्रधान सचिव और एसडीआरएफ व एनडीआरएफ के कमांडेंट के साथ बैठक करेंगे। कल सहरसा से लौटते समय हमने पानी का बहुत तेज बहाव देखा। इसीलिए हमने कल रात ही सभी को सूचित कर दिया था कि आगे की कार्रवाई तय करने के लिए आज बैठक होगी। जहां भी नाव, सूखा राशन, पॉलीथीन, पशु चारा, दवाइयां और सामुदायिक रसोई की जरूरत होगी, हम उन सभी चीजों का इंतजाम करेंगे।"
तेजस्वी यादव के छात्रों के विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने पर रत्नेश सदा ने कहा, "उनके पास कोई काम नहीं है। जब विधानसभा में जनता से जुड़े मुद्दे उठाने की बात आती है, तो वे अक्सर गैर-हाजिर रहते हैं। वे स्विट्जरलैंड और गोवा जैसी जगहों पर घूमते रहते हैं। जब विधानसभा का सत्र खत्म हो जाता है, तब वे आकर जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। लेकिन बिहार की जनता उनकी चालों में नहीं आने वाली है।"
राहुल गांधी के छात्रों व महिलाओं के लिए आवाज उठाने पर मंत्री ने कहा, "उनसे पहले उनके नाना, दादी और पिता थे। उन्होंने वह काम क्यों नहीं किया, जो पीएम नरेंद्र मोदी ने किया है? अब वह इसका श्रेय लेना चाहते हैं। इन सबसे कुछ नहीं होने वाला है।"
--आईएएनएस
ओपी/एएस