जमुई मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, बिहार महिला आयोग ने लिया संज्ञान, एक्शन पर डीएम-एसपी की सराहना
पटना, 21 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई में दो स्कूली छात्रों के साथ कथित उत्पीड़न का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले पर बिहार राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल एसपी को पत्र लिखा गया और जमुई के डीएम से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली गई।
आईएएनएस से बातचीत में अप्सरा ने बताया कि महिला आयोग को सोमवार सुबह मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। इसके बाद आयोग की ओर से तत्काल कार्रवाई शुरू की गई और स्थानीय प्रशासन से मामले की रिपोर्ट मांगी गई।
उन्होंने कहा, "मैंने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी को पत्र लिखा। इसके अलावा जमुई डीएम से बात कर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली।"
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के मुताबिक, घटना 19 सितंबर की शाम लखीसराय और जमुई के सीमावर्ती क्षेत्र में हुई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला स्थानीय प्रशासन के संज्ञान में आया।
उन्होंने बताया कि स्कूटी की नंबर प्लेट के आधार पर पीड़ितों की पहचान की गई। इसके बाद उनसे बातचीत की गई और मामले में एफआईआर दर्ज की गई।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कथित तौर पर कक्षा 10 में पढ़ने वाले एक छात्र और एक छात्रा के साथ कुछ लोगों द्वारा उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया था।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने बताया कि मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। स्थानीय प्रशासन की ओर से उन्हें जानकारी दी गई है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय डीएम ने शाम तक मामले की अद्यतन जानकारी देने की बात कही है। मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद तेजी से कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद जिस तत्परता से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारियां की गई हैं, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने डीएम और एसपी की कार्रवाई की सराहना भी की।
टीम के घटनास्थल पर जाने और पीड़ितों से मुलाकात करने के सवाल पर अप्सरा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आयोग निश्चित रूप से विजिट करेगा और पूरे घटना की परिस्थितियों की जानकारी लेगा।
उन्होंने कहा कि फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस मामले को गंभीरता से देख रही है। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
महिला आयोग ने स्थानीय अधिकारियों से मामले की विस्तृत और अद्यतन रिपोर्ट भी मांगी है। आयोग प्रशासन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगा।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम