जमुई की घटना पर सीमा मलिक ने भाजपा को घेरा, जेडीयू पर भी उठाया सवाल
नई दिल्ली, 22 सितंबर (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) की प्रवक्ता सीमा मलिक ने बिहार की जमुई में हुई घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया, बढ़ती महंगाई और मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की महिला पार्षद को लेकर की गई टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी।
आईआईटी बॉम्बे के छात्र की आत्महत्या से जुड़े मामले पर सीमा मलिक ने कहा कि किसी युवा का इस तरह दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि मामले में लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने मामले में सामने आए कथित जातिगत पहलू का भी जिक्र करते हुए कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बिहार के जमुई में हुई घटना पर सीमा मलिक ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। उन्होंने कहा कि घटना के दृश्य बेहद गंभीर हैं और सवाल उठता है कि आरोपियों में इस तरह की हरकत करने की हिम्मत कहां से आई। उन्होंने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का जिक्र करते हुए महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा को घेरा।
सीमा मलिक ने भाजपा पर आरोप लगाया कि एक तरफ पार्टी महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा शासित राज्यों में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह परेशान किया जाना बेहद गंभीर मामला है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
जमुई की घटना को कथित तौर पर 'छुटपुट घटना' बताए जाने पर भी सीमा मलिक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एक तरफ किसी कॉमेडियन की टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा किया जाता है, जबकि दूसरी ओर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर घटना को छोटी घटना बताया जाता है। उन्होंने जेडीयू को भी घेरते हुए कहा कि आज की जेडीयू पहले जैसी नहीं रही। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूर्व में कानून-व्यवस्था के लिए किए गए काम का जिक्र करते हुए पार्टी के मौजूदा रुख पर सवाल उठाया।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सीमा मलिक ने दिल्ली में प्रमुख नेताओं को कथित तौर पर मिले नोटिस का जिक्र करते हुए पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब प्रमुख राजनीतिक हस्तियों को भी नोटिस मिल रहे हैं तो आम लोगों को किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
बढ़ती महंगाई को लेकर भी एनसीपी (एसपी) प्रवक्ता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सब्जियों और रोजमर्रा के इस्तेमाल की कई वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद लोगों को इसका पर्याप्त फायदा क्यों नहीं मिलता।
मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की महिला पार्षद को लेकर कथित बॉडी शेमिंग वाली टिप्पणी पर भी सीमा मलिक ने आपत्ति जताई। उन्होंने विजयवर्गीय पर 'दिखावे की राजनीति' करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ महिला सम्मान की बात की जाती है और दूसरी तरफ महिलाओं के लिए इस तरह की टिप्पणियां की जाती हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एमएस