जमुई कांड 'छिटपुट घटना' बताने पर कांग्रेस भड़की, कहा-बिहार के मंत्री श्रवण नाम रखने के लायक नहीं
नई दिल्ली, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की से हुई बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में आक्रोश है। बिहार के मंत्री श्रवण कुमार के इस घटना को 'छिटपुट घटना' बताने वाले बयान के बाद विवाद और गहरा गया है। इस मामले में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस सांसद करमवीर सिंह बौद्ध ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह घटना बहुत निंदनीय है। जमुई की घटना के बाद करोड़ों बच्चियां जो स्कूल-कॉलेज जाती हैं, उनके मन में डर बैठ गया है।" करमवीर सिंह ने मंत्री श्रवण कुमार के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनका नाम तो श्रवण जैसा ऐतिहासिक रखा गया है, लेकिन वे उसके लायक नहीं हैं। अगर वे इस घटना को छोटी-मोटी घटना कहते हैं, तो मुझे लगता है उनका मेडिकल चेकअप करवाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "हमारा एमपी बनना भी सुखदायक नहीं है, अगर देश के अंदर सुरक्षा महसूस नहीं हो सकती। आज भी लड़कियों के प्रति वही मानसिकता बनी हुई है। इस पर लगाम लगाने के लिए उन लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जो इस तरह के वारदात को अंजाम देते हैं।"
सासाराम विधायक स्नेहलता कुशवाहा ने भी जमुई की घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा, मेरी पूरी कोशिश रहेगी कि हम लोग जाकर पीड़ित परिवार से मिलें और उनके साथ जो दुर्व्यवहार हुआ है, उसे ऊपर तक पहुंचाने का काम करें। पीड़ित परिवार को बिल्कुल न्याय मिलेगा। सरकार पूरी तत्परता के साथ अपराधियों को दंड देगी।"
उन्होंने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा जा चुका है और जो फरार हैं, उनको भी गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, भाजपा नेताओं ने भी जमुई की घटना पर चिंता जाहिर की है। मुंबई में शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने जमुई की घटना पर कहा, "मैंने यह वीडियो देखा है और मैं बस इतना ही कह सकती हूं कि यह कलयुग है। एक लड़की, एक नाबालिग लड़की छोड़ने की गुहार लगा रही है और हमारे समाज में ऐसे बेरहम लोग हैं। यह पुरुष-प्रधान सोच को दिखाता है। दोषियों को सबके सामने मौत की सजा दी जानी चाहिए।"
रांची में बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, "वह बेहद परेशान करने वाला वीडियो है। एक नाबालिग बच्ची के साथ जिस तरीके से कुछ राक्षस, उसमें नाबालिग राक्षस भी हैं, वो छेड़छाड़ कर रहे हैं और बहुत अभद्र तरीके से छेड़छाड़ कर रहे हैं, वो शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।"
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा, "यह बहुत ही संवेदनशील मामला है और सरकार इस पर सबसे सख्त कार्रवाई कर रही है। सरकार और प्रशासन इसे गंभीरता से ले रहे हैं और यह कहने में कोई हिचकिचाहट नहीं है कि इस घटना ने हमें अंदर तक झकझोर दिया है। कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं जिन्हें किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता। कानून-व्यवस्था और कानून का शासन हमारी प्राथमिकताएं हैं और बिहार की जनता ने हम पर भरोसा जताया है।"
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी