जमुई छेड़छाड़ मामले पर बिहार में सियासत तेज, भाजपा ने कहा-दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
पटना, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई में एक नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ की घटना पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। घटना सामने आने के बाद से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव समेत विपक्षी नेता लगातार प्रदेश की सम्राट चौधरी सरकार पर हमलावर हैं। इस बीच भाजपा नेताओं की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि सभ्य समाज में ऐसी घटनाओं को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि जैसे ही घटना पुलिस के संज्ञान में आई, पुलिस ने खुद ही एफआईआर दर्ज की। तुरंत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस मामले में एसआईटी का गठन भी किया गया है।
सरावगी ने कहा, "ऐसी घटनाएं समाज में बिल्कुल अस्वीकार्य हैं। मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ही इस तरह की हरकत कर सकता है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है, लेकिन पुलिस ने जानकारी मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी। मुख्य आरोपी के बारे में पता चलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए सरावगी ने कहा कि उनके शासन में और उनके संरक्षण में अपराधियों को संरक्षण मिलता था। हर तरह की आपराधिक घटनाएं होती थीं। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, फिर इन लोगों को अपना चेहरा छिपाने के लिए जगह नहीं मिलेगी।
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने जमुई की घटना पर कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। इसके लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और की जा रही है। उन्होंने कहा कि पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर मामला दर्ज किया जाएगा और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।
जमुई की घटना पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ट्वीट पर मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि राहुल गांधी को इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को उन राज्यों पर नजर डालनी चाहिए, जहां उनकी सरकारें सत्ता में हैं। हालांकि उनकी सरकारें धीरे-धीरे सत्ता खो रही हैं और अब कुछ ही राज्य बचे हैं।
रामकृपाल यादव ने कहा, "राहुल गांधी अपने राज्यों को देखें और अपनी सरकारों के कामकाज की समीक्षा करें। देखें कि उस दौरान कानून-व्यवस्था का कैसे उल्लंघन हुआ और कितने रेप, लूट, डकैती, चोरी, हत्या, सामूहिक हत्या और सामूहिक रेप की घटनाएं हुईं।"
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम