जमशेदपुर में विवाहिता की हत्या का आरोप, परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज
जमशेदपुर, 8 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड स्थित कोवाली थाना क्षेत्र के दानीसाई गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में हत्या का आरोप सामने आया है। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को मृतका के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात गांव में पूजा मिश्रा नामक विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया था। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला बताया गया था। हालांकि, मृतका के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के निवासी मृतका के पिता संजय कुमार देव शर्मा ने कोवाली थाना में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उनके आवेदन के आधार पर पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर लिया। प्राथमिकी में मृतका के पति सुमित मिश्रा के अलावा कल्पना मिश्रा और मिली नामक दो अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर पूजा मिश्रा की हत्या की और घटना को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की। हालांकि, मृतका के ससुराल के लोगों का कहना है कि पूजा ने व्यक्तिगत तनाव के कारण आत्महत्या की है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
स्थानीय पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएसके