जमशेदपुर में दो पिस्टल के साथ दो युवक गिरफ्तार, एक नाबालिग भी हिरासत में लिया गया
जमशेदपुर, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
इनके पास से दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हथियार कपाली निवासी मोहम्मद आबिद से 97 हजार रुपए में खरीदे थे। पुलिस अब हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों के संभावित आपराधिक मंसूबों की जांच कर रही है।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंटेनर यार्ड के पास तीन युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना में आशंका जताई गई थी कि वे किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, वहां मौजूद तीनों युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच में हथियारों की खरीद के संबंध में जानकारी सामने आई।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कपाली के मो. आबिद से 97 हजार रुपए में हथियार खरीदे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किस उद्देश्य से खरीदे गए थे और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। हथियारों के स्रोत और आरोपियों के आपसी संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। नाबालिग की संलिप्तता को देखते हुए उसके खिलाफ किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एबीएम