जम्मू वेयरहाउस में भीषण आग से करोड़ों का नुकसान, एलजी ने प्रभावित व्यापारियों को मदद का दिया भरोसा
जम्मू, 9 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू के वेयरहाउस इलाके में लगी भीषण आग ने पूरे व्यापारी समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। नेहरू मार्केट स्थित वेयरहाउस में लगी आग में कई दुकानें और गोदाम जलकर खाक हो गए, जिससे व्यापारियों को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। आग की इस घटना पर उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा समेत कई नेताओं ने दुख जताया है और प्रभावित व्यापारियों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "जम्मू के वेयरहाउस में लगी भीषण आग की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैंने रविवार रात स्थिति का जायजा लिया और आज वरिष्ठ अधिकारियों से बात की। मैंने उन्हें निर्देश दिया है कि वे प्रभावित लोगों को तुरंत और पूरी मदद पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस कठिन समय में, मेरी गहरी संवेदनाएं कारोबारी समुदाय और व्यापारियों के साथ हैं।"
जम्मू विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनिल शर्मा ने वेयरहाउस का दौरा किया। उन्होंने लिखा, "जम्मू के नेहरू मार्केट स्थित 'वेयरहाउस' का दौरा किया, जो भीषण आग की चपेट में आ गया था। वहां प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात कर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया।"
उन्होंने कहा कि वेयरहाउस का व्यापारी समुदाय हमेशा जरूरत के समय पूरे जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ खड़ा रहा है। आज, जब वे इतने बड़े नुकसान का सामना कर रहे हैं, तो भाजपा पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाती है।
सुनिल शर्मा ने यह भी घोषणा की कि भाजपा विधायकों की एक टीम गठित की जाएगी, जो भाजपा विधायकों के सीडीएफ (क्षेत्र विकास निधि) फंड से वेयरहाउस मार्केट और शिव मार्केट के प्रभावित व्यापारियों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया में तेजी लाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "जम्मू में बिक्रम चौक के पास वेयरहाउस मार्केट में लगी भीषण आग से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस आग में कई दुकानें और गोदाम जलकर खाक हो गए, जिससे स्थानीय व्यापारियों को करोड़ों का नुकसान हुआ है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों और कारोबारियों के साथ हैं। मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि वह तुरंत नुकसान का आकलन करे और प्रभावित व्यापारियों को उचित मुआवजा दे, ताकि वे फिर से अपना काम-धंधा शुरू कर सकें।"
केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र प्रसाद ने भी आग से प्रभावित वेयरहाउस इलाके का दौरा किया। उन्होंने लिखा, "जम्मू शहर के आग से प्रभावित वेयरहाउस इलाके का दौरा किया। जल चुकी दुकानों का मुआयना किया और वेयरहाउस एसोसिएशन के सदस्यों से बातचीत की, जिनका नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक गुप्ता कर रहे थे।"
उन्होंने कहा कि अभी सबसे पहली प्राथमिकता प्रभावित व्यापारियों को उचित सहायता दिलाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाना है।
इससे पहले उन्होंने लिखा था, "कल रात जम्मू शहर के वेयर हाउस इलाके में लगी भीषण आग से गहरा सदमा लगा है, जिससे व्यापारी समुदाय और कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ है। यह बात भी परेशान करने वाली है कि आग बुझाने वाली सेवाओं (फायर ब्रिगेड) की ओर से समय पर कार्रवाई न किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं।"
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि प्रभावित व्यापारियों के प्रति संवेदना जताते हुए उचित कदम उठाए और इस स्थिति को प्राथमिकता के आधार पर संभाले।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी