×

जम्मू : सांबा-बट्टल रोड के पुनर्वास के लिए 38.84 करोड़ रुपए मंजूर, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी जानकारी

 

जम्मू, 2 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सांबा, उधमपुर और कठुआ जिलों के लोगों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर कार्रवाई करते हुए सीमा सड़क संगठन ने सांबा-बट्टल रोड के पुनर्वास कार्य के लिए 38.84 करोड़ रुपए आवंटित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा, "31 अगस्त को स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया गया था कि बीआरओ के माध्यम से सड़क की मरम्मत और पुनर्स्थापना से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।" उन्होंने कहा कि मात्र 48 घंटे के भीतर बीआरओ ने आवश्यक राशि आवंटित करने का आदेश जारी कर दिया है।

उन्होंने बताया कि 38.84 करोड़ रुपए की राशि एक सप्ताह के भीतर जारी कर दी जाएगी, जबकि सड़क पर काम तुरंत शुरू किया जा रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित कार्यशैली का एक और उदाहरण है, जिसमें नागरिकों की वास्तविक समस्याओं का तेजी से समाधान किया जाता है।

बीआरओ की ओर से जारी पत्र के अनुसार, जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में 'प्रोजेक्ट संपर्क' के तहत सांबा-बट्टल रोड के किलोमीटर 0.00 से 26.70 तक के हिस्से पर पुनर्वास कार्य किया जाएगा। वर्तमान में सड़क पर स्पेशल रेस्टोरेशन ऑफ मानसून डैमेज और इमीडिएट रेस्टोरेशन ऑफ मानसून डैमेज के तहत मरम्मत कार्य जारी हैं।

पत्र के अनुसार, अंतरिम रखरखाव कार्यों के तहत 22 टो वॉल और रिटेनिंग वॉल का निर्माण किया जा रहा है। दो पुलिया (कल्वर्ट) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खराब हिस्सों में 422 मीटर सड़क पर सर्फेसिंग का काम चल रहा है। बीआरओ ने कहा कि ये कार्य सड़क की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए किए जा रहे हैं, जबकि व्यापक पुनर्वास योजना अलग से लागू की जाएगी।

प्रस्तावित व्यापक पुनर्वास योजना के तहत 78 टो वॉल और रिटेनिंग वॉल का निर्माण किया जाएगा। 1 अतिरिक्त कल्वर्ट बनाया जाएगा। 8.3 किलोमीटर लंबी लाइन ड्रेन विकसित की जाएगी। सड़क के खराब हिस्सों पर दोबारा सर्फेसिंग की जाएगी।

बीआरओ के अनुसार, पुनर्वास कार्य की प्रशासनिक मंजूरी मिलते ही परियोजना पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल लागत अनुमान तैयार करने की प्रक्रिया मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट संपर्क) मुख्यालय स्तर पर जारी है। इस परियोजना के पूरा होने से सांबा, कठुआ और उधमपुर जिलों के हजारों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में आवागमन को ज्यादा सुरक्षित तथा सुगम बनाया जा सकेगा।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम