×

जम्मू में नितिन नवीन का जोरदार स्वागत, बोले- युवाओं और महिलाओं में अपने राज्य को आगे बढ़ाने का दिख रहा संकल्प

 

जम्मू, 7 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे हैं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवाई अड्डे पर उनका जोरदार स्वागत किया।

जम्मू पहुंचे नितिन नवीन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मेरे लिए यह बहुत सौभाग्य की बात है कि मुझे श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के मौके पर जम्मू-कश्मीर आने का मौका मिला। यह दौरा एक तय कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसके दौरान हमने अपने साथियों के साथ बैठकें कीं और संगठन से जुड़े मामलों की समीक्षा की। हमने इस बात पर भी चर्चा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर यूनिट किस तरह सक्रिय रूप से काम कर रही है।

नितिन नवीन ने आगे कहा कि संगठन की गतिविधि को लगातार गतिमान रखने में जो प्रक्रिया चल रही है, उसकी चर्चा की गई है। उम्मीद है कि जिस प्रकार से जम्मू-कश्मीर की जनता से हम लोगों को आशीर्वाद मिला है, हम पूरी तरह से सेवा भाव से भाजपा के कार्यकर्ताओं के द्वारा अपना काम करेंगे। एक विपक्ष के तौर पर यहां पर हमारी जो भूमिका है, हमारे विधायकगण और कार्यकर्ता पूरी तरह से सजक होकर जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि काफी संघर्ष के बाद हम लोगों ने जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 से मुक्ति दिलाई है। उसके हटने से यहां के लोगों के जीवन में बदलाव का बड़ा सूचक बना है। हम कह सकते हैं कि कल तक जम्मू-कश्मीर को जिस तरह से दुनिया में दिखाने का प्रयास किया जाता था, प्रधानमंत्री के उस निर्णय के बाद जम्मू-कश्मीर पूरी तरह से भारत के साथ दिखता है, विकास के साथ दिखता है। इसकी विरासत और संस्कृति को फिर से जीवित करके विश्व के पटल पर रखने का काम हमारी सरकार लगातार कर रही है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवाओं और महिलाओं को जिस प्रकार से अलग दर्जे से देखा जाता था, आज यहां का युवा संघर्षों के बल पर नया मुकाम बना रहा है। यहां के पर्यटन को बेहतर करने में हमारी सरकार की ओर से जो प्रयास किए गए हैं, वो लोगों के जीवन में दिख रहा है। साथ ही हमारी सरकार की ओर से महिलाओं को सम्मान देने का काम किया गया है, उससे युवाओं और महिलाओं में अपने राज्य को आगे बढ़ाने का संकल्प दिख रहा है।

नितिन नवीन ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा का जो रोल है, यहां के विपक्ष के रूप में और केंद्र की हमारी सरकार के रूप में, दोनों ही तरह से यहां के लोगों को मजबूती से आगे बढ़ाने और विकास के लिए और यहां की संस्कृति को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम