×

जम्मू में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 4 करोड़ की तीन संपत्तियां ध्वस्त

 

जम्मू, 23 मई (आईएएनएस)। जम्मू पुलिस और जिला प्रशासन ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मीरान साहिब क्षेत्र में कुख्यात नशा तस्कर की करोड़ों रुपए की संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन की इस कार्रवाई को नशा माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

जानकारी के अनुसार, जम्मू मुख्यालय जोन पुलिस ने जिला प्रशासन के सहयोग से मीरान साहिब के इंदिरा नगर निवासी नवजोत सिंह उर्फ बबलू की करीब 4 करोड़ रुपए मूल्य की तीन संपत्तियों को गिरा दिया।

पुलिस के मुताबिक ये संपत्तियां अवैध नशा तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई थीं। कार्रवाई का उद्देश्य नशा कारोबार से जुड़े नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ना और क्षेत्र में सक्रिय नशा सिंडिकेट पर प्रभावी प्रहार करना था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नवजोत सिंह एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 15 एफआईआर दर्ज हैं। लंबे समय से वह नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त पाया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध कमाई से कई संपत्तियां खड़ी की थीं, जिनकी पहचान के बाद प्रशासन ने उन्हें ध्वस्त करने की कार्रवाई की।

यह अभियान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त निगरानी में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान एसपी मुख्यालय, एसडीपीओ आरएस पुरा, थाना प्रभारी मीरान साहिब, एसडीएम आरएस पुरा तथा स्थानीय तहसीलदार मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का समर्थन किया और नशे के खिलाफ उठाए गए कदम की सराहना की। क्षेत्र के निवासियों ने कहा कि नशा तस्करी युवाओं को बर्बाद कर रही है और इस तरह की सख्त कार्रवाई से अपराधियों में डर पैदा होगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाता रहेगा।

जम्मू पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ उसकी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। पुलिस ने चेतावनी दी कि जो लोग नशे के कारोबार में शामिल हैं, उनके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस हरसंभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी