×

जम्मू-कश्मीर में 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' की धूम, जम्मू से पुंछ तक निकाली गईं रैलियां

 

जम्मू, 9 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे जम्मू-कश्मीर में देशभक्ति का माहौल है। 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' के तहत रविवार को जम्मू, त्राल, बांदीपोरा और पुंछ में बड़ी-बड़ी तिरंगा रैलियां निकाली गईं। हजारों छात्रों, युवाओं और आम लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

जम्मू में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बलिदान स्तंभ से एक विशाल तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया। रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता सत शर्मा, अशोक कौल, गुलाम अली खटाना और सांसद जुगल किशोर शर्मा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। सभी ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए देशभक्ति, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और लोगों ने जगह-जगह कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।

पुलवामा के त्राल में जिला प्रशासन ने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज से त्राल बस स्टैंड तक एक बड़ी तिरंगा रैली निकाली। रैली का नेतृत्व पुलवामा के डिप्टी कमिश्नर बशारत कय्यूम और एडीसी त्राल ने किया। इसमें हजारों छात्रों, युवाओं और स्थानीय निवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

उपायुक्त (डीसी) बशारत कयूम ने बताया, "इस साल का 'हर घर तिरंगा अभियान' 9 अगस्त से शुरू होकर 17 अगस्त तक चलेगा। आज हमने पुलवामा के त्राल सब-डिविजन में इसकी शुरुआती रैली की। पूरे सब डिविजन से लोग बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए हैं।"

बांदीपोरा में भी भाजपा की जिला इकाई ने 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत तिरंगा रैली आयोजित की। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस मौके पर भाजपा के राज्य महासचिव मोहम्मद अनवर खान ने कहा, "जब से हमारे देश में पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार सत्ता में आई है। हर 15 अगस्त या 26 जनवरी को हमारी पार्टी 'हर घर तिरंगा' और तिरंगा रैलियों का आयोजन करती है। यह अभियान देश को एकजुट करने और युवाओं में देशभक्ति जगाने का काम करता है।"

पुंछ जिले में 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के समारोह और 'हर घर तिरंगा अभियान' के तीसरे चरण की शुरुआत की गई। जिला युवा सेवा और खेल विभाग ने स्थानीय स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया और उसके बाद तिरंगा रैली निकाली।

जिला युवा सेवा और खेल अधिकारी मोहम्मद कासिम ने कहा, "आज पुंछ जिले में खेल विभाग को जिला प्रशासन की ओर से एक काम सौंपा गया था। इस काम के तहत अलग-अलग खेल गतिविधियां आयोजित की गईं और 'हर घर तिरंगा' रैली भी निकाली गई।"

कार्यक्रम के एक्टिविटी हेड विजय कुमार ने बताया, "यहां अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की गईं और युवाओं को एक साथ लाया गया। इसका मकसद युवाओं में देशभक्ति की भावना पैदा करना है।"

रैली में शामिल खिलाड़ी पल्लवी ने कहा, "आज हमें बताया गया कि 'हर घर तिरंगा' के लिए एक रैली निकाली जा रही है। कुछ ही दिनों में स्वतंत्रता दिवस आने वाला है और उसी के लिए यह रैली आयोजित की गई थी। तिरंगा हाथ में लेकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी