☰
×

जम्मू-कश्मीर: सीआरपीएफ पर हमले के बाद कुलगाम में जारी सर्च ऑपरेशन, किश्तवाड़ में दो लापता एसपीओ की भी तलाश तेज

 

कुलगाम/किश्तवाड़, 12 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर हुए हमले के बाद इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस हमले में अज्ञात हमलावर सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए थे। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए।

कुलगाम में हमले के दूसरे दिन गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों ने जगह-जगह तलाशी ली। साथ ही, आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। वाहनों चालकों और यात्रियों के दस्तावेज चेक किए जा रहे हैं।

सीआरपीएफ के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2.15 बजे कुलगाम जिले में एक नाके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों पर अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी की थी। हमला इतना अचानक हुआ कि जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला। हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। यह सीआरपीएफ पार्टी पर हमला था और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

उधर, मरवाह इलाके में एक सर्च ऑपरेशन के दौरान दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) के लापता होने के बाद किश्तवाड़ जिले के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। किश्तवाड़ पुलिस ने भारतीय सेना के साथ मिलकर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कई जगहों पर नए चेकपॉइंट बनाए गए हैं और वाहनों तथा लोगों की आवाजाही की जांच बढ़ा दी गई है।

मरवाह और दच्छन के जंगलों में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जो लापता एसपीओ का पता लगाने के लिए सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।

सेना के वाहन और किश्तवाड़ पुलिस की टीमें लगातार मरवाह और वारवान की ओर बढ़ रही हैं और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी भेजे जा रहे हैं। यह सर्च ऑपरेशन बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है, जिसमें सुरक्षाकर्मी जंगलों में गहन तलाशी ले रहे हैं और कई जगहों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।

--आईएएनएस

डीसीएच/