×

जयपुर में नीट-पीजी परीक्षा के दौरान बिजली गुल होने पर हंगामा, पूरे देश में री-एग्जाम की उठी मांग

 

जयपुर, 30 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान की राजधानी जयपुर में नीट-पीजी परीक्षा के दौरान बिजली गुल होने से बड़ा हंगामा हो गया। सीतापुरा स्थित आयन डिजिटल जोन सेंटर पर पावर आउटेज के कारण परीक्षा बाधित हो गई, जिससे छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाराज अभ्यर्थियों ने हंगामा किया, सेंटर प्रशासन से जवाब मांगा और परीक्षा व्यवस्था को लेकर आपत्ति दर्ज कराई।

यह मामला नीट-पीजी 2026 परीक्षा से जुड़ा है, जो जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर इंटरनल पावर सप्लाई फेल होने के कारण बाधित हो गई। कई छात्र अपना टेस्ट पूरा नहीं कर सके।

इस गड़बड़ी के बाद नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज ने प्रभावित छात्रों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया है। हालांकि, छात्र और अभिभावक पूरे देश में दोबारा परीक्षा कराने की मांग कर रहे हैं।

एक छात्र ने कहा, "मैं चाहता हूं कि नीट-पीजी परीक्षा ऑल इंडिया लेवल पर दोबारा कराई जाए। अगर नीट-पीजी परीक्षा में ही निष्पक्षता नहीं होगी, तो हम भारत की हेल्थकेयर सिस्टम के बेहतर होने की उम्मीद नहीं कर सकते।"

वहीं, एनटीए परीक्षा में अनियमितता के मुद्दे पर राजस्थान के वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा, "कुछ तकनीकी समस्या थी। सरकार को धन्यवाद देना चाहूंगा कि ऐसे मामले सामने आते ही उसने तुरंत कार्रवाई की और तुरंत फैसले लिए। यह एक अच्छी बात है।"

गौरतलब है कि जयपुर के दो सेंटरों पर बिजली जाने से दर्जनों छात्रों की परीक्षा बीच में ही रुक गई। छात्रों का कहना है कि लाइट जाने के बाद कंप्यूटर बंद हो गए और काफी देर तक व्यवस्था ठीक नहीं हो सकी, जिससे उनका समय बर्बाद हुआ और वे पेपर पूरा नहीं कर पाए।

छात्रों ने सेंटर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पावर बैकअप जैसी बुनियादी सुविधा का न होना लापरवाही है। वहीं अभिभावकों का कहना है कि सिर्फ दो सेंटरों पर दोबारा परीक्षा कराने से बाकी छात्रों के साथ असमानता होगी, इसलिए पूरे देश में परीक्षा फिर से होनी चाहिए।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीएससी