'जागरुकता फैलाने के लिए राहुल ने किया अंडमान-निकोबार का दौरा', किरेन रिजिजू के आरोपों पर कांग्रेस नेताओं का जवाब
नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया है। इस पर कांग्रेस पार्टी ने नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कहा कि जागरुकता फैलाने के लिए राहुल गांधी ने अंडमान-निकोबार का दौरा किया था।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "देश इसी राह पर चलता रहा तो देश का आदिवासी, दलित, पिछड़ा वर्ग और खासतौर पर देश का मुसलमान की स्थिति बिगड़ेगी। आप उन्हें गुलाम बनाने की कोशिश कर रहे हैं। आप चाहते हैं कि 90 प्रतिशत आबादी गुलामी करे और 10 प्रतिशत लोग राज करें।"
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, "अगर परियोजना के नाम पर आप करोड़ों पेड़ काट रहे हैं, परियोजना के नाम पर देश-विदेश के उद्योगपतियों को वहां की जमीन मुफ्त में दे रहे हैं, वहां के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं तो निश्चित तौर पर इस बारे में जागरुकता फैलाने के लिए राहुल गांधी ने दौरा किया था।"
वहीं, कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने भी केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "झूठ कैसे बोलना है, यह रिजिजू ने भी सीख लिया है। मैंने सुना था कि वह आरएसएस में नहीं थे, फिर भी उन्हें झूठ बोलना किसने सिखाया।"
दलवई ने आगे कहा, "सरकार के अंडमान-निकोबार प्रोजेक्ट से काफी नुकसान होगा। इससे मछली, जीव-जंतु, जंगल खत्म हो जाएंगे। आदिवासियों की जिंदगी में भी काफी दखलअंदाजी होगी। वहां के नेचर को बदलने की कोशिश करना बिल्कुल गलत है।"
इससे पहले, किरेन रिजिजू ने अपने बयान में कहा, "अंडमान-निकोबार के अंदर की सुंदरता, जीव-जंतु और यहां की लाइफ को समझने के लिए मैंने यहां डाइविंग की, लेकिन दूसरे व्यक्ति (राहुल गांधी) ने प्रोजेक्ट को बर्बाद करने के लिए यहां डाइव लगाई। वे इस इलाके को प्रमोट करने के लिए नहीं, बल्कि बर्बाद करने के लिए तस्वीरें खींचने आए। यह बिल्कुल ठीक नहीं है और देश में इस तरह का कार्य नहीं होना चाहिए।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "यह कोई मजाक का विषय नहीं है। इसको गंभीरता से लेकर हमें 'विकसित भारत' के साथ 'विकसित अंडमान-निकोबार' को देखना है।" उन्होंने यह भी कहा कि अंडमान-निकोबार में क्लाविटी टूरिस्ट और अच्छे नागरिक को आना चाहिए। यहां हंगामा करने वाले और गंदगी फैलाने वाले नहीं आने चाहिए।
--आईएएनएस
डीसीएच/