जैकी चैन के स्टंट की नकल करना कमल हासन को पड़ा था भारी, शरीर में हुए थे 32 फ्रैक्चर
मुंबई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता कमल हासन ने अपने करियर में ऐसे कई किरदार निभाए हैं, जिन्हें पर्दे पर उतारना हर किसी के बस की बात नहीं है। एक बार तो अपने पसंदीदा एक्शन स्टार जैकी चैन की तरह स्टंट करने की कोशिश में वह अपने शरीर पर 32 फ्रैक्चर झेल चुके हैं, हालांकि चोटों के बावजूद उनका फिल्मों के प्रति जुनून कम नहीं हुआ।
कमल हासन ने अपने इस किस्से का जिक्र साल 2008 में फिल्म 'दशावतारम' के ऑडियो लॉन्च के दौरान किया था। इस कार्यक्रम में हॉलीवुड के मशहूर एक्शन स्टार जैकी चैन भी मौजूद थे। कमल हासन ने जैकी चैन के सामने उनसे जुड़ा अपना अनुभव साझा करते हुए बताया था कि वह उनके स्टंट से काफी प्रभावित थे। जैकी चैन की तरह एक्शन करने की कोशिश में उन्होंने कई खतरनाक स्टंट किए और इसी दौरान उनके शरीर में 32 फ्रैक्चर हुए।
कमल ने मजाकिया अंदाज में जैकी चैन से कहा था कि उनकी वजह से ही उनके शरीर की यह हालत हुई है। अब वह उनके साथ काम करने का अपना वादा पूरा करें।
दरअसल, कमल हासन और जैकी चैन की मुलाकात के पीछे भी एक दिलचस्प किस्सा है। दोनों जब मिले तो उनकी बातचीत का एक विषय शरीर में आई चोटें भी थीं। कमल ने बताया था कि जैकी ने उनसे पूछा कि उनके शरीर में कितनी हड्डियां टूटी हैं। इस पर कमल ने जवाब दिया था कि उनकी 32 हड्डियां टूट चुकी हैं। जैकी ने हंसते हुए कहा था कि वह अभी उनसे काफी पीछे हैं।
कमल हासन ने फिल्म 'अप्पू राजा' में एक बौने व्यक्ति का किरदार निभाया था। इस भूमिका को निभाने के लिए उन्होंने कैमरा एंगल और तकनीक पर काफी काम किया था। फिल्म 'चाची 420' में उन्होंने एक महिला का रूप धारण किया। इस किरदार के लिए उन्हें मेकअप, चाल-ढाल और बोलने के तरीके पर काफी मेहनत करनी पड़ी थी। वहीं, फिल्म 'दशावतारम' में उन्होंने एक साथ 10 अलग-अलग किरदार निभाए।
कमल हासन का फिल्मी सफर बचपन में ही शुरू हो गया था। उन्होंने महज चार साल की उम्र में फिल्म 'कलाथुर कन्नम्मा' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में काम किया। 'नायकन', 'सदमा', 'पुष्पक', 'हे राम', 'विश्वरूपम' और 'विक्रम' जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता के अलग-अलग रंग दिखाए।
--आईएएनएस
पीके/वीसी