जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा, हम चैन से नहीं बैठेंगे : राकेश सिन्हा
रांची, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोकतंत्र को खत्म करने पर तुले हैं, वे लोकतंत्र बचाने की यात्रा निकाल रहे हैं, इससे बड़ा क्या मजाक होगा।
रांची में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे एक यात्रा निकालें या फिर 10 लाख, देश की जनता यह जान चुकी है कि वोट चोरी करके, इन लोगों ने लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया। भाजपा की पदयात्रा से बड़ा मजाक हिन्दुस्तान में कुछ नहीं हो सकता है। जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा, हम चैन से नहीं बैठेंगे।
उन्होंने एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि बिहार के एक काउंटिंग सेंटर पर सीसीटीवी बंद था, शिकायत करने के बाद भी चुनाव आयोग ने संज्ञान नहीं लिया।
एमएमडीआर बिल को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि यह सिर्फ एक बिल नहीं है। इस पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। हमारा उद्देश्य राज्य के 3.5 करोड़ लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाना है। इस बातचीत को दबाने और खत्म करने की कोशिश हो रही है और हमने इसे मजबूत करने के लिए ही यह विशेष सत्र बुलाया है। हम इस विशेष सत्र में बिल पर चर्चा करेंगे, जिसमें यह भी शामिल होगा कि कैसे इस बिल की वजह से राज्य को 22,000 करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है।
उन्होंने कहा कि हम भाजपा के सभी विधायकों से भी अपील करते हैं कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठें और राज्य तथा यहां के लोगों के हित में इस बिल का विरोध करें। अगर राज्य बचा रहता है और विकास करता रहता है, तो भाजपा नेताओं को भी दोबारा विधायक बनने का मौका मिलेगा। इसलिए भाजपा नेताओं को इस बिल का विरोध करना चाहिए।
रामलीला मैदान में 1 नवंबर को इंडिया ब्लॉक की प्रस्तावित रैली को लेकर उन्होंने कहा कि इस रैली को सभी घटक दलों का समर्थन प्राप्त है। सीएम हेमंत सोरेन ने जाने से इनकार भी नहीं किया है। मुझे विश्वास है कि इस रैली में घटक दलों के सभी प्रमुख चेहरे शामिल होंगे।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर उन्होंने कहा कि जब यह किताब लोगों के बीच आएगी तो पूरा हिन्दुस्तान खड़ा होकर ताली बजाएगा। उन्होंने सोनिया गांधी को त्याग और तपस्या की प्रतिमूर्ति बताते हुए दावा किया कि उनकी किताब देश की जनता के लिए प्रेरणादायक रहेगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम