×

जब लीडरशिप प्रेरणादायक होती है, तो लोग जुड़ना चाहते हैं: राज्यवर्धन सिंह राठौर

 

नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन से भी ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। वे यह दर्जा प्राप्त करने वाले विश्व के पहले राजनेता बने हैं, जिसकी अब राजस्थान सरकार में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने तारीफ की है।

उन्होंने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जब लीडरशिप प्रेरणादायक होती है, तो लोग उन्हें सुनना चाहते हैं, उनके बारे में जानना चाहते हैं। लोगों में हमेशा इस बात को जानने की उत्सुकता रहती है कि केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से किस तरह के फैसले लिए जा रहे हैं और इसका आगामी दिनों में क्या असर पड़ने जा रहा है। इन्हीं सब चीजों के बारे में जानने के लिए लोग सोशल मीडिया के मंच पर आते हैं। इसी को देखते हुए आज की तारीख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे ज्यादा फॉलोअर्स हैं और यह हमारे लिए गर्व की अनुभूति है, जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है।

मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि आज की तारीख में वैश्विक मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमा बढ़ी है। इसका कारण यह है कि वे बेझिझक फैसले लेते हैं। उन्होंने हमेशा ही अपने कार्यकाल में देशहित को प्राथमिकता दी है। उन्होंने उसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया है। यही वजह है कि आज हर कोई उनके फैसले और कामों के बारे में जानना चाहता है। यही कारण है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोशल मीडिया पर इतनी बड़ी संख्या में लोग फॉलो करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से प्रभावित होकर उन्हें ना सिर्फ देश, बल्कि विदेश में भी सम्मान दिया जाता है। उनके काम की चर्चा चौतरफा होती है। लोग उनके बारे में जानना चाह रहे हैं। उनकी कार्यशैली के बारे में जानना चाह रहे हैं कि वे कैसे काम करते हैं। उनके द्वारा लिए जाने वाले फैसले का दूरगामी असर क्या पड़ सकता है। यही कारण है कि आज की तारीख में वैश्विक मंच पर उन्हें एक अलग पहचान मिली है, जो कि हम सभी लोगों के लिए बतौर भारतीय गर्व का विषय है। निसंदेह इस आनंद की अनुभूति को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है।

इसके अलावा, उन्होंने भारत और इजरायल के प्रगाढ़ संबंधों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल के बीच पहले से ही संबंध काफी मजबूत है और आगे इसी तरह से मजबूत होते चले जाएंगे। भारत ने कभी अपनी सुरक्षा को लेकर कभी कोई समझौता नहीं किया है। वहीं, इजरायल ने भी कभी अपनी सुरक्षा को लेकर कभी समझौता नहीं किया।

उन्होंने कहा कि इजरायल एक छोटा-सा देश है, लेकिन अद्भुत बात यह है कि आज की तारीख में यह देश तकनीक और सुरक्षा मामलों में सबसे आगे है। आज भारत भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसका कोई दूसरा देश कभी मुकाबला नहीं कर सकता है।

--आईएएनएस

एमएस/