×

जब अजित पवार जिंदा थे, तब उनके घर के बाहर काला जादू हुआ था: रोहित पवार

 

मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन मामले में एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने दावा किया कि जब अजित पवार जिंदा थे, तब उनके घर के बाहर काला जादू हुआ था। उन्होंने कहा कि विमान हादसा काले जादू की वजह से हुआ होगा, ऐसा नहीं मानता हूं।

अजित पवार के मामले में कर्नाटक में दर्ज हुई जीरो एफआईआर पर एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने कहा कि मैंने महाराष्ट्र में 'अजित दादा' मामले में एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की थी। मैंने मुंबई में 'जीरो एफआईआर' दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद हम बारामती और सीआईडी के पास गए। इन तीनों जगह जीरो एफआईआर दर्ज नहीं की गई। फिर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ मुलाकात हुई। उन्हें सलाह दी गई थी कि वे अजित पवार के विमान दुर्घटना से संबंधित अपनी शिकायत को ऐसे राज्य में ले जाएं जहां उन्हें न्याय मिल सके। हालांकि, राहुल गांधी ने बातचीत के दौरान किसी राज्य का नाम नहीं लिया था। कर्नाटक के बेंगलुरु में जीरो एफआईआर' दर्ज की गई। अब बारामती में इसी आधार पर जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह दुर्घटना काले जादू की वजह से हुई, क्योंकि मैं काले जादू में विश्वास नहीं करता, लेकिन जो बात मायने रखती है, वह है इसके पीछे की नीयत। लोग कहते हैं कि कुछ ऐसे अनुष्ठान किए जाते हैं जिनमें एक गुड़िया का इस्तेमाल होता है, उस पर खून डाला जाता है, और ऐसी हरकतें किसी खास व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने या उसे कमजोर करने के लिए की जाती हैं। अब, यह महज एक इत्तेफाक है या कुछ और, यह मैं नहीं कह सकता। हालांकि, जब दादा जीवित थे, तब उनके घर के बाहर काला जादू किया गया था। अब, इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या नासिक के उस व्यक्ति ने ही ऐसा किया था। हमें यह भी देखना होगा कि नासिक में उस व्यक्ति से मिलने कौन-कौन लोग जाते हैं। हालांकि, यह दुर्घटना काले जादू की वजह से नहीं हुई, फिर भी यह किसी की नीयत से जुड़ी हो सकती है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी