'इतनी तेज मैं कभी नहीं भागा था', हरभजन ने याद की 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली ऐतिहासिक टेस्ट जीत
नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के सबसे यादगार पलों को याद करते हुए 2001 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के कोलकाता टेस्ट का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ईडन गार्डन्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए उस ऐतिहासिक मैच में जीत दिलाने वाले रन बनाना उनके करियर का बेहद खास अनुभव था।
हरभजन ने याद किया कि जब भारत जीत के करीब था, तब उन्होंने जरूरी रन बनाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई, जो भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार मुकाबलों में से एक माना जाता है। पूर्व स्पिनर ने बताया कि गेंदबाजी से पहले मैक्ग्रा की फील्ड सेटिंग ने उनकी सोच को कैसे प्रभावित किया। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने फील्ड में बदलाव करके भ्रम पैदा करने की कोशिश की थी। हरभजन को लगा कि शायद शॉर्ट-पिच गेंद आएगी, लेकिन मैक्ग्रा ने यॉर्कर फेंक दी। हालांकि, हरभजन ने समय रहते अपना बल्ला नीचे किया और गेंद को खाली जगह की तरफ मोड़ दिया।
हरभजन ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "आखिर में जब मेरी बारी आई, तो जीत के लिए दो रनों की जरूरत थी और ग्लेन मैक्ग्रा गेंदबाजी कर रहे थे। मुझे याद है कि उन्होंने फील्ड बदल दी थी। उन्होंने पॉइंट से फील्डर को हटाकर एक अतिरिक्त फील्डर गली में लगा दिया था, ताकि मुझे लगे कि वह शायद शॉर्ट बॉल फेंकेंगे। फील्ड जिस तरह से सेट की गई थी, उसे देखकर मैं बाउंसर के लिए तैयार था।"
कोलकाता टेस्ट में फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होने के बाद सौरव गांगुली की टीम ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की सबसे बेहतरीन वापसी की। उन्होंने पहली पारी में मिले बड़े अंतर को पाटते हुए ऑस्ट्रेलिया को 171 रनों से हराया था। इस शानदार वापसी में वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ की अहम भूमिका रही। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए एक ऐतिहासिक साझेदारी की, जिसमें लक्ष्मण ने 281 और द्रविड़ ने 180 रन बनाए। इस साझेदारी ने मैच की पूरी दिशा ही बदल दी थी।
हरभजन सिंह ने उस मैच में पहले ही गेंद से बड़ा प्रभाव छोड़ते हुए ऑस्ट्रेलिया की दोनों पारियों में कुल 13 विकेट झटके थे। इसके बाद मैच के अंतिम क्षणों में उन्हें जहीर खान के साथ भारत को जीत तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मिली। हरभजन ने यह जिम्मेदारी शानदार ढंग से निभाई और भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका अदा की। पूरी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2001 में उनका प्रदर्शन असाधारण रहा। उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में 32 विकेट हासिल किए और भारत की सीरीज जीत के सबसे बड़े नायकों में से एक बनकर उभरे थे।
हरभजन ने आगे कहा, "हालांकि, उन्होंने मुझे चकमा दे दिया। उन्होंने एक यॉर्कर फेंकी, और मेरा बल्ला बिल्कुल सही समय पर नीचे आया। गेंद ठीक उसी दिशा में गई, जहां से उन्होंने पॉइंट फील्डर को हटा लिया था। वहां कोई फील्डर नहीं था और जैसे ही गेंद आगे निकली, मुझे नहीं लगता कि मैंने अपनी जिंदगी में कभी इतनी तेजी से दौड़ने की कोशिश की होगी। जीत दिलाने वाले रन बनाने का वह पल हमेशा मेरे साथ रहेगा, क्योंकि बात सिर्फ उन दो रनों की नहीं थी, बल्कि तमाम मुश्किलों से गुजरने के बाद उस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को हराने की थी।"
कोलकाता की इस जीत ने ऑस्ट्रेलिया की लगातार 16 टेस्ट जीत के शानदार सिलसिले को भी खत्म किया था और यह भारतीय क्रिकेट इतिहास का एक अहम मोड़ बन गया। मेहमान टीम (ऑस्ट्रेलिया) विश्व क्रिकेट की सबसे दबदबे वाली टीमों में से एक के रूप में भारत आई थी, लेकिन गांगुली की टीम ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसने पूरी सीरीज की तस्वीर ही बदल दी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर देखने को मिलेगी, क्योंकि 21 जनवरी से पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2027 शुरू होने जा रही है।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम