बिहार-झारखंड से ओडिशा जाना हुआ आसान! कोडरमा के रास्ते चलेंगी दो नई ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल
रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने कोडरमा के रास्ते दो नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें एक ट्रेन गया से भुवनेश्वर और दूसरी गया से संतरागाछी के बीच चलाने की योजना है। इन ट्रेनों के शुरू होने से बिहार, झारखंड और ओडिशा के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, अभी दोनों ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है। इनके परिचालन पर अंतिम फैसला रेलवे बोर्ड की मंजूरी और आधिकारिक समय-सारणी जारी होने के बाद ही होगा।
गया-भुवनेश्वर एक्सप्रेस सप्ताह में 4 दिन चलेगी
प्रस्ताव के मुताबिक, गया-भुवनेश्वर एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन चलाने की योजना है। ट्रेन गया जंक्शन से दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी।
झारखंड में इस ट्रेन के कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ और गोमो स्टेशनों पर ठहराव का प्रस्ताव है। वापसी में ट्रेन भुवनेश्वर से बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:45 बजे गया पहुंचेगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से गया के साथ-साथ कोडरमा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लिए सीधी रेल सेवा मिलने की उम्मीद है।
गया-संतरागाछी एक्सप्रेस के भी प्रस्तावित फेरे
दूसरी प्रस्तावित ट्रेन गया-संतरागाछी एक्सप्रेस होगी। इसे सप्ताह में तीन दिन चलाने की योजना बनाई गई है। यह ट्रेन गुरुवार, शनिवार और सोमवार को गया से रात 7:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:45 बजे संतरागाछी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को सुबह 8 बजे संतरागाछी से रवाना होगी। इसके बाद उसी दिन रात 7:50 बजे गया पहुंचने का प्रस्ताव है।
इस ट्रेन के मार्ग में पहाड़पुर, कोडरमा, धनवार, जमुआ और नवाडीह स्टेशनों पर ठहराव प्रस्तावित किया गया है।
दोनों ट्रेनों के संचालन से बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल/ओडिशा के बीच रेल संपर्क को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। खासकर कोडरमा और आसपास के यात्रियों को इन सेवाओं से सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
धनबाद-शकूर बस्ती स्पेशल के 26 फेरे बढ़े
त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने धनबाद-शकूर बस्ती स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि भी बढ़ा दी है। दिल्ली, मुंबई और अन्य प्रमुख रूटों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त फेरे यात्रियों के लिए राहत लेकर आएंगे।
03639 धनबाद-शकूर बस्ती स्पेशल अब प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को 30 नवंबर तक संचालित होगी। वहीं, वापसी में 03640 शकूर बस्ती-धनबाद स्पेशल प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को 1 दिसंबर तक चलेगी।
इससे दुर्गापूजा से लेकर छठ पर्व तक कोडरमा और आसपास के यात्रियों को दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
दोनों दिशाओं में 26-26 फेरे बढ़ाए गए
रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन के दोनों दिशाओं में 26-26 अतिरिक्त फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। इसके अलावा ट्रेन को टूंडला स्टेशन पर भी ठहराव दिया गया है।
धनबाद से शकूर बस्ती जाने वाली ट्रेन टूंडला स्टेशन पर दोपहर 12:13 बजे से 12:15 बजे तक रुकेगी। वहीं, वापसी में शकूर बस्ती से धनबाद जाने वाली ट्रेन तड़के 3:30 बजे से 3:32 बजे तक टूंडला में ठहरेगी।
रेलवे के मुताबिक, टूंडला का यह नया ठहराव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए इस अतिरिक्त सेवा और ठहराव से यात्रियों को सफर की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।