इजरायल ने अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया: सपा सांसद नदवी
नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले को लेकर कहा कि इजरायल ने अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है।
आईएएनएस से बातचीत में सपा सांसद नदवी ने कहा कि अमेरिका-इजरायल के हमले में अयातुल्लाह अली खामेनेई की शहादत पर पूरी दुनिया में दुख का माहौल है। रमजान चल रहे हैं; इसके कारण लोगों में अभी सब्र है, लेकिन यह सब्र का पैमाना छलकेगा।
उन्होंने कहा कि अमेरिका-इजरायल के हमले में बर्बरता से इंसानियत का कत्ल किया गया है। 150 बच्चियां एक हॉस्टल में रह रही थीं; उन्हें मार दिया गया। खामेनेई जिस तरह से शैतानी ताकतों के खिलाफ खड़े थे, उससे लोगों को प्रेरणा मिली है; यह मुस्लिम का मसला नहीं है, इंसानियत को बचाने का मसला है, इजरायल-अमेरिका की दादागिरी बढ़ गई है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति को लेकर गए। खामेनेई झुके नहीं तो बमबारी कर दी। 1948 से पहले दुनिया में इजरायल का वजूद नहीं था, लेकिन वे जोर-जबरदस्ती से वहां पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं।
इजरायल के हमले में 6 लाख फिलिस्तीनी मारे गए हैं। प्रथम विश्व युद्ध और दूसरे विश्व युद्ध में इतने लोग नहीं मारे गए, जितने कि गाजा में इजरायल ने मार दिए हैं। बच्चों को मारना भी जायज समझते हैं, दुनिया में एक जुल्म थोपना चाहते हैं, और ये ताकतवर लोग गरीबों के बच्चों को मार रहे हैं; हम शर्मिंदा हैं कि भारत ने इस घड़ी में अपने करीबी दोस्त ईरान का साथ छोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में मातम है। अभी तक पीएम मोदी की ओर से पुराने दोस्त के लिए कोई संवेदना व्यक्त नहीं की गई है। गांधी और वाजपेयी ने भी कहा था कि फिलिस्तीन वहां के लोगों का है। जो लोग नाजायज तौर पर बस रहे हैं, उन्हें वहां के लोगों द्वारा मारा जा रहा है। ऐसे लोगों का हिसाब जल्द होगा।
सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि इस्लाम के खिलाफ क्या साजिश होगी। इस्लाम न मिटा है, न मिटेगा। कत्ल-ए-हुसैन से मर गया यजीद; इस्लाम जिंदा होता है हर करबला के बाद। इसके बाद इस्लाम और मजबूती से उठेगा। वही गाजा से उठेगा, जहां जुल्म किया गया।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी