☰
×

इजरायल के भारत में राजदूत रूवेन अजार ने डाला वोट, 27 अक्टूबर के चुनाव से पहले नई दिल्ली में किया मतदान

 

नई द‍िल्‍ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने अपने देश के चुनावों के लिए नई दिल्ली स्थित इजरायली दूतावास में अपना वोट डाला। इजरायल में 27 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले ही मतदान का मकसद समय रहते कीमती वोट इजरायल पहुंचाना होता है।

भारत में इजरायली दूतावास ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर एक पोस्‍ट में राजदूत रूवेन अजार की मतदान करते हुए फोटो साझा की।

दूतावास ने पोस्‍ट में ल‍िखा, ''दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में इजरायल के लिए मतदान। भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने इजरायल में 27 अक्टूबर को होने वाले चुनावों से पहले नई दिल्ली में अपना वोट डाला।''

दूतावास ने बताया क‍ि दुनिया भर में इजरायली दूतावासों में तैनात अधिकारी और कर्मचारी पहले ही मतदान कर लेते हैं, ताकि उनके वोट समय पर इजरायल पहुंच सकें और चुनाव प्रक्रिया में शामिल हो सकें।

इसी तरह, मुंबई स्थित इजरायल के महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने भी चुनाव से पहले अपने वोट डाले। मिड-वेस्ट भारत में इजरायल के महावाणिज्य दूतावास ने 'एक्‍स' पर कहा, "आज मुंबई में इजरायल के महावाणिज्य दूतावास के राजनयिकों ने नेसेट (इजरायली संसद) चुनाव के लिए मतदान किया। वे दुनिया भर के अन्य इजरायली नागरिकों के साथ अपने देश के भविष्य को तय करने की प्रक्रिया में शामिल हुए। हर वोट अहम है, चाहे वह येरुशलम में डाला जाए या मुंबई में।"

चुनाव में अभी लगभग दो सप्ताह बाकी हैं, लेकिन इजरायली मीडिया संस्थानों मारिव, चैनल 13 और केएएन न्‍यूज के सर्वेक्षणों के अनुसार मुकाबला काफी करीबी रहने वाला है और किसी भी पक्ष को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिख रहा।

सर्वेक्षणों में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार गादी आइजनकोट की याशार पार्टी सबसे आगे दिखाई दे रही है। हालांकि, किसी भी राजनीतिक गुट के लिए नेसेट में बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटें हासिल करना आसान नहीं दिख रहा।

औसत सर्वेक्षण के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के नेतृत्व वाला गठबंधन और विपक्षी जियोनिस्ट गुट, दोनों को लगभग 52-52 सीटें मिलने का अनुमान है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम