×

इजरायल का दावा 'बेरूत हमले में हिज्बुल्लाह के सीनियर कमांडर की मौत'

 

तेल अवीव, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। इजरायली सेना ने दावा किया है कि चरमपंथी संगठन हिज्बुल्लाह के बड़े कमांडर यूसुफ इस्माइल हाशेम को मार दिया है। आईडीएफ ने बुधवार को बताया कि हमला बेरूत में हुआ था, हालांकि हिजबुल्लाह की तरफ से अभी तक इस पर कुछ नहीं कहा गया है।

इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के अनुसार, मंगलवार को इजरायली नौसेना के सैनिकों ने "बेरूत में हमला किया" और हिज्बुल्लाह की दक्षिणी फ्रंट यूनिट के कमांडर हज यूसुफ इस्माइल हशेम को "खत्म" कर दिया।

सेना ने दावा किया कि दक्षिणी फ्रंट यूनिट “इजरायली नागरिकों को निशाना बनाकर आतंकवादी गतिविधियां करने” और दक्षिणी लेबनान में “आईडीएफ सैनिकों के खिलाफ हिंसक अभियान” चलाने के लिए जिम्मेदार था। आईडीएफ के अनुसार ये हिज्बुल्लाह के लिए बड़ा झटका है क्योंकि हाशेम को 40 साल का अनुभव था।

हशेम ने यह भूमिका तब संभाली थी जब कमांडर अली कराकी, सितंबर 2024 में इजरायली हमले में मारे गए थे।

लेबनान के पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, इजरायल ने रात भर लेबनान की राजधानी पर हमले तेज कर दिए, जिसमें नौ लोग मारे गए और 29 घायल हो गए थे।

यूएस-इजरायल के ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले के बाद, ईरान के समर्थन में मिलिटेंट ग्रुप हिज्बुल्लाह की तरफ से इजरायल पर मिसाइल दागे गए। इसके बाद इजरायली सेना ने 2 मार्च से लेबनान में बमबारी तेज कर दी थी।

इस बीच, लेबनानी मिलिट्री ने इजरायली सैनिकों के जमीनी हमले को देखते हुए बॉर्डर वाले ज्यादातर कस्बों से वापसी कर ली है। सेना ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

लेबनान की सेनाएं धीरे-धीरे कुछ बॉर्डर वाले कस्बों से वापस चली गई हैं। हालांकि रमीच और ऐन एबेल के ईसाई-बहुल समुदायों के कुछ बचे हुए निवासियों ने लेबनानी मिलिट्री और लीडरशिप से रुकने की अपील की है, जिसको देखते हुए कुछ कस्बों में मौजूद रहने का फैसला किया है।

--आईएएनएस

केआर/