आईएसएल: अजरई ने गंवाया मौका, ओडिशा एफसी और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के बीच गोलरहित मुकाबला ड्रॉ
भुवनेश्वर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग 2026-27 में शनिवार को मोरक्को के स्ट्राइकर अलाएद्दीन अजरई अपनी टीम नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की जीत की लय को बरकरार रखने का मौका चूक गए। कलिंगा स्टेडियम में ओडिशा एफसी के खिलाफ यह मैच बिना किसी गोल के ड्रॉ रहा। 'हाइलैंडर्स' (नॉर्थईस्ट यूनाइटेड) के पास मैच का सबसे बेहतरीन मौका तब आया, जब पेनाल्टी एरिया में स्टीफन एजे द्वारा गेंद को हाथ से छूने (हैंडबॉल) का फाउल दिया गया, लेकिन 12 गज की दूरी से अजरई का शॉट गोलपोस्ट से टकराकर वापस आ गया।
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने पांचवें मिनट में पहला बड़ा मौका बनाया, जब जिथिन एमएस के शानदार क्रॉस पर निकोला निंकोविच ने शॉट लिया, लेकिन ओडिशा के गोलकीपर ऋतिक तिवारी ने उनके दाएं पैर से लगाए गए शॉट को बचा लिया। इसके कुछ ही देर बाद, मेजबान टीम की ओर से एवर्टन नैसिमेंटो ने 35 गज की दूरी से एक लंबा शॉट लिया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट के बाहर चली गई।
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने फिर से दबाव बनाया जब अजरई को एक बेहतरीन 'थ्रू बॉल' मिली; उन्होंने अपने मार्कर को छकाया, लेकिन उनके दाएं पैर से लगाए गए शॉट को तिवारी ने एक बार फिर बचा लिया।
मैच में गोल की तलाश में दोनों टीमों ने दूसरे हाफ में बदलाव किए। ओडिशा ने 67वें मिनट में जेरेमी जोहमिंगलुआ की जगह नंदकुमार सेकर को मैदान पर उतारा, जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने जल्द ही जिथिन एमएस और निकोला निंकोविच की जगह पार्थिब गोगोई और एथियन गोंजालेज को शामिल किया।
इसके कुछ समय बाद, ओडिशा के कोच टीजी पुरुषोत्तम ने महमूद ईद और जॉर्जी अबुर्जानिया की जगह रहीम अली और मैनुअल मोलिना को मैदान में भेजा। 'हाइलैंडर्स' की ओर से 86वें मिनट में मैकार्टन निक्सन की जगह रिडीम त्लांग आए, और रेगुलेशन टाइम के अंत में लालरिनफेला खियांगटे की जगह इमरान खान मैदान पर उतरे।
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने मैच के अंतिम क्षणों में जीत हासिल करने के लिए जोर लगाया। एडेड टाइम के पहले ही मिनट में, सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी त्लांग द्वारा सेट किए गए मौके पर मोयानो ने दाएं पैर से एक 'कर्लर' शॉट लिया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट के बाहर चली गई। स्टॉपेज टाइम के आखिरी पलों में, गोगोई के कॉर्नर पर एजे द्वारा बॉक्स के अंदर गेंद को संभालने के कारण रेफरी के. रामदासन ने पेनाल्टी का इशारा किया। अजरई ने पेनाल्टी ली, लेकिन गेंद गोलपोस्ट से टकरा गई। यह मैच का आखिरी पल था, जिससे नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एक रोमांचक जीत से चूक गई और उनके पास प्वाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर 3 अंकों की बढ़त बनाने का जो मौका था, वह भी हाथ से निकल गया।
--आईएएनएस
आरएसजी