आईएसएल 2025-26: जमशेदपुर ने चेन्नईयिन एफसी को 4-1 से हराया
चेन्नई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में चेन्नईयिन एफसी को जमशेदपुर एफसी के खिलाफ 1-4 से करारी हार का सामना करना पड़ा। चेन्नईयिन एफसी की तरफ से एकमात्र गोल एस प्रकादेश्वरन ने किया, लेकिन टीम का डिफेंस काफी कमजोर नजर आया।
मैच की शुरुआत चेन्नईयिन एफसी ने अच्छी की। इमरान खान और इरफान यादव ने शुरुआती मिनटों में आक्रमण किए और गोल करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद जमशेदपुर एफसी ने धीरे-धीरे मैच पर अपनी पकड़ मजबूत करना शुरू किया।जमशेदपुर की ओर से पहला गोल मोहम्मद सनन ने किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके कुछ देर बाद मेसी बाउली ने हेडर के जरिए दूसरा गोल दागा और स्कोर 2-0 कर दिया। चेन्नईयिन ने वापसी की कोशिश की, लेकिन वह हाथ आए मौकों को गोल में तब्दील नहीं कर सके।
दूसरे हाफ में भी चेन्नईयिन एफसी ने लगातार प्रयास किए। डेनियल चीमा और इरफान यादव ने कई मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं कर पाए। दूसरी ओर, जमशेदपुर एफसी ने अपने मौके का पूरा फायदा उठाया और सनन ने एक और गोल करके स्कोर 3-0 कर दिया। इसके बाद प्रकादेश्वरन ने शानदार गोल करके चेन्नईयिन एफसी की वापसी की उम्मीद जगाई।
चेन्नईयिन एफसी की एकेडमी से निकलकर सीनियर टीम में पहुंचे 19 वर्षीय प्रकादेश्वरन ने 70वें मिनट में अपना पहला गोल किया। उन्होंने बेहतरीन नियंत्रण और आत्मविश्वास दिखाते हुए डिफेंडर को चकमा दिया और शानदार शॉट लगाकर गेंद को सीधे टॉप कॉर्नर में पहुंचाया। उनका यह गोल मैच का खास आकर्षण रहा।
हालांकि, प्रकादेश्वरन के इस गोल के बाद चेन्नईयिन एफसी मुकाबले में कोई और गोल नहीं कर सकी। जमशेदपुर एफसी ने इसके बाद एक और गोल किया और मैच को 4-1 से अपने नाम कर लिया। चेन्नईयिन एफसी का डिफेंस इस मुकाबले में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहा। चेन्नईयिन एफसी की अब अगली भिड़ंत 6 मई को पंजाब एफसी से होगी, जहां टीम बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी