IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च, अब टिकट बुकिंग होगी आसान और तेज; वीडियो में जाने हटे कैप्चा और फालतू पॉप-अप, आए कई नए फीचर्स
भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग वेबसाइट IRCTC को नए और आधुनिक रूप में लॉन्च कर दिया गया है। लाखों यात्रियों के रोजाना टिकट बुकिंग अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से वेबसाइट का नया वर्जन पेश किया गया है। फिलहाल इसका बीटा वर्जन 15 जुलाई 2026 की रात 9 बजे से लाइव किया गया है।नए वर्जन को लेकर रेलवे का मुख्य फोकस टिकट बुकिंग प्रक्रिया को ज्यादा आसान, तेज और यूजर फ्रेंडली बनाना है। हालांकि, अभी यह बीटा वर्जन है, इसलिए यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर इसमें आगे बदलाव किए जाएंगे।
रेल मंत्री ने किया था नई वेबसाइट लॉन्च करने का ऐलान
पिछले महीने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के दौरे के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छात्रों से बातचीत में घोषणा की थी कि 15 जुलाई तक IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी। इसी घोषणा के तहत अब इसका नया बीटा वर्जन यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।रेलवे का कहना है कि नई वेबसाइट को इस तरह डिजाइन किया गया है, जिससे टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को कम से कम परेशानी हो और कम समय में टिकट की प्रक्रिया पूरी हो सके।
अब बार-बार नहीं भरना होगा कैप्चा
नई IRCTC वेबसाइट में यात्रियों को सबसे बड़ी राहत लॉगिन और बुकिंग प्रक्रिया में मिलेगी। अब बार-बार परेशान करने वाले कैप्चा से छुटकारा मिलेगा। इससे यूजर्स को टिकट बुक करते समय कम रुकावटों का सामना करना पड़ेगा।इसके अलावा वेबसाइट से अनावश्यक पॉप-अप, चमकदार ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट्स भी हटा दिए गए हैं। इससे वेबसाइट का इंटरफेस पहले से ज्यादा साफ और सरल दिखाई देगा।
सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक साथ दिखेगी
नई वेबसाइट में यात्रियों के लिए सीट चेक करना भी आसान कर दिया गया है। अब स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी और अन्य श्रेणियों के लिए अलग-अलग बार सर्च करने की जरूरत नहीं होगी।यात्रियों को सभी क्लास में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे समय की बचत होगी और टिकट बुकिंग का अनुभव बेहतर होगा।
'फास्टर चेकआउट' फीचर से कम होंगे बुकिंग स्टेप्स
IRCTC ने नई वेबसाइट में 'फास्टर चेकआउट' फीचर भी जोड़ा है। इसके तहत टिकट बुक करने की प्रक्रिया में आने वाले कई चरणों को कम कर दिया गया है।पहले यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान कई स्टेप्स पूरे करने पड़ते थे, जिससे प्रक्रिया लंबी हो जाती थी। अब कम स्टेप्स में बुकिंग पूरी हो सकेगी और टिकट खरीदने में लगने वाला समय भी घटेगा।
यात्रियों के फीडबैक से होगा और सुधार
IRCTC ने फिलहाल इसे बीटा वर्जन के रूप में जारी किया है। इसका मतलब है कि वेबसाइट को अभी पूरी तरह अंतिम रूप नहीं दिया गया है। यात्रियों के अनुभव और सुझावों के आधार पर इसमें आगे सुधार किए जाएंगे।रेलवे उम्मीद कर रहा है कि नई वेबसाइट के जरिए रोजाना टिकट बुक करने वाले करोड़ों यात्रियों को बेहतर डिजिटल सुविधा मिलेगी। नई तकनीक और आसान इंटरफेस के साथ IRCTC की यह पहल ऑनलाइन रेलवे टिकटिंग को और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।