ईरान ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए एयरस्पेस आंशिक रूप से खोला
तेहरान, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान ने शनिवार को अपने पूर्वी हिस्से से गुजरने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए अपना एयरस्पेस थोड़ा खोल दिया है। देश की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
सिविल एविएशन अथॉरिटी ने बताया कि देश के एयरस्पेस का एक हिस्सा शनिवार, 18 अप्रैल को सुबह 7:00 (0330 जीएमटी ) बजे से फिर से खोल दिया गया है।
तस्नीम न्यूज एजेंसी ने सिविल एविएशन की ओर से जारी किए गए एक बयान के आधार पर कहा कि यूएस-इजरायल के हमले के बाद ईरान के एयरस्पेस को बंद करने का फैसला लिया गया था। वर्तमान हालात में संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशानुसार, इस मामले की नेशनल सिविल-मिलिट्री कोऑर्डिनेशन कमेटी (सीएमसी) में सिक्योरिटी और सेफ्टी दोनों नजरिए से समीक्षा की गई।
बयान में आगे कहा गया, "इसके अनुसार, और नोटिस टू एयरमेन (एनओटीएएम) के आधार पर, देश के एयरस्पेस और कई एयरपोर्ट 18 अप्रैल को सुबह 7:00 बजे से फिर से खोल दिए गए हैं। ईरान के एयरस्पेस के पूर्वी हिस्से का एयरस्पेस ईरानी आसमान से गुजरने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए खुला है।"
सिविल एविएशन अथॉरिटी ने यह भी कहा कि नागरिकों को यात्री सेवा सर्विस देने के लिए, सैन्य और नागरिक क्षेत्र की तकनीकी और संचालन संबंधी तैयारी के आधार पर, देश के एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन धीरे-धीरे फिर से शुरू किए जाएंगे।
हालांकि, तीन घंटे से ज्यादा समय बाद भी, फ्लाइट ट्रैकर वेबसाइट पर कोई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट ईरान से गुजरती हुई नहीं दिखी। यह भी पता चला कि कई फ्लाइट्स लंबा चक्कर लगाकर उसके एयरस्पेस से बच रही थीं।
बता दें, 28 फरवरी से यूएस-इजरायल के संयुक्त एयर स्ट्राइक से शुरू हुए संघर्ष पर 40 दिन बाद 8 अप्रैल को अस्थाई विराम लगा। 2 हफ्ते तक किसी ठोस नतीजे पर पहुंचने के लिए ये विराम लगाया गया। इस बीच हर गुजरते दिन के साथ ईरान-यूएस के संबंध कभी सामान्य तो कभी तल्ख लगते हैं। बयानों और टिप्पणी के जरिए दोनों ही पक्ष खुद को दूसरे से बेहतर बताने की कोशिश करते हैं।
यूरेनियम संवर्धन और होर्मुज को पूरी तरह से सबके लिए खोलने को लेकर अभी पेच फंसा हुआ है। शुक्रवार को जहां खबर आई की ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को खोलने का ऐलान कर दिया है तो वहीं कुछ घंटों बाद ही शनिवार को दोबारा बंद करने की घोषणा कर दी गई। आरोप लगाया जा रहा है कि यूएस सीजफायर डील को लगातार तोड़ रहा है।
--आईएएनएस
केआर/