×

ईरान में फंसे भारतीय छात्रों की वतन वापसी के ल‍िए नहीं चाहिए विशेष परमिशन : सईद रेजा मोतलाग

 

मुंबई, 2 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका और इजरायल के लगातार हमलों और सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के मौजूदा हालात गंभीर बने हुए हैं। ऐसे में वहां फंसे भारतीय छात्रों के ल‍िए संकट की स्‍थ‍ित‍ि बन गई है। छात्रों की वतन वापसी के ल‍िए भारत सरकार प्रयास में लगी हुई है। ईरान-भारत के बीच समन्वय के तहत वहां फंसे छात्रों को ब‍िना किसी व‍िशेष अनुम‍त‍ि के बाहर न‍िकालने के प्रयास क‍िए जा रहे हैं।

मुंबई में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के कॉन्सुलेट जनरल सईद रेजा मोसायेब मोतलाग ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि ईरान ने भारत सरकार के साथ मिलकर भारतीय छात्रों को ईरान से निकालने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए हैं।

उन्‍होंने बताया कि ईरानी सरकार ने भारतीय छात्रों को युद्ध क्षेत्र से न‍िकालने के लिए इंतजाम किए हैं। छात्रों को बाहर निकलने के ल‍िए कोई विशेष परमिशन नहीं चाहिए और वे हमारे किसी भी जमीनी बॉर्डर पर जाकर ईरान से बाहर निकल सकते हैं। जंग के हालातों के चलते हमारे सभी एयरपोर्ट कंट्रोल में हैं और सुरक्षा कारणों से बंद हैं। इसलिए हवाई यात्रा करके ईरान छोड़ने की कोई गुंजाइश नहीं है।

उन्‍होंने बताया क‍ि छात्र अफगानिस्तान, तुर्कमेनिस्तान जैसे देशों के जमीनी बॉर्डर से बाहर निकल सकते हैं। छात्रों को चेक पोस्ट से गुजरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्हें बस अपना पासपोर्ट हाथ में रखना होगा और वे ईरान छोड़ सकते हैं।

एक द‍िन पहले लोकसभा सांसद केसी वेनुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा था क‍ि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने भारतीय नागरिकों में गहरी चिंता और डर पैदा कर दिया है। केरल के कई लोगों समेत बड़ी संख्या में भारतीय इस इलाके में रह रहे हैं और काम कर रहे हैं।

उन्होंने पीएम मोदी और विदेश मंत्रालय से विदेश में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी डिप्लोमैटिक और लॉजिस्टिकल कदम उठाने की अपील की थी।

बता दें कि ईरान के साथ अमेर‍िका-इजरायल की संयुक्‍त जंग लगातार गहराता जा रहा है। ईरान अलग-अलग देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। वहीं, अमेरिका और इजरायल अभी भी आक्रामक बने हुए हैं। अमेरिका और इजरायल की तरफ से ईरान पर किए गए हमले में मौत का आंकड़ा 500 पार कर चुका है।

अमेरिकी मीडिया ने बताया कि ईरान की राजधानी तेहरान में सोमवार सुबह नए धमाके सुने गए हैं। ईरान की सरकारी मीडिया का दावा है कि पश्चिमी शहर सनंदाज पर मिसाइलों की एक ताबड़तोड़ बौछार हुई है। ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने कहा कि सनंदाज के रिहायशी इलाकों पर हमला हुआ है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम