ईरान में दिख रहा है दबाव का असर, शीर्ष नेतृत्व ने स्वीकारा आर्थिक संकट : स्कॉट बेसेंट
नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने दावा किया है कि ईरान पर अमेरिका का दबाव असर दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान के राष्ट्रपति और संसद स्पीकर खुद देश के आर्थिक संकट को मान रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक तेहरान पूरी तरह से अलग-थलग नहीं हो जाता तब तक ट्रंप प्रशासन आर्थिक नकेल कसता रहेगा।
अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में लिखा, ''दबाव काम कर रहा है। ईरान का नेतृत्व अब खुद यह मान रहा है कि दुनिया जो देख रही है, वह सच है। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने ईरान में आर्थिक संकट और जरूरी चीजों की कमी को स्वीकार करते हुए कहा है कि किसी न किसी समय युद्ध खत्म होना ही चाहिए।''
बेसेंट ने बताया कि ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने इससे भी ज्यादा स्पष्ट शब्दों में कहा है कि हमारे पास चाहे जितनी भी सैन्य ताकत हो, अगर लोग भूखे हैं और देश में पैसों का लेन-देन, आर्थिक विकास और घरेलू उत्पादन नहीं है, तो हम ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएंगे।
अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिकी ट्रेजरी विभाग इस शासन को सहारा देने वाली हर आर्थिक मदद और संसाधन के रास्ते को बंद करता रहेगा, जब तक कि तेहरान पूरी तरह अलग-थलग न पड़ जाए।उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य इस दमनकारी शासन को सहारा देने वाली हर आर्थिक जीवनरेखा को काट देना है, जब तक कि तेहरान पूरी तरह अकेला न पड़ जाए।
बेसेंट ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ऐसा कदम उठाया है, जिसे उनके पूर्ववर्ती लंबे समय से टालते रहे थे। उनके नेतृत्व में अमेरिका अब केवल ईरान से जुड़े खतरे को संभालने या नियंत्रित करने की कोशिश नहीं कर रहा है, बल्कि उसे पूरी तरह खत्म करने की दिशा में काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जो लोग अमेरिका के साथ खड़े होंगे, उन्हें हमारी साझेदारी के फायदे मिलेंगे। लेकिन जो लोग खुद को तेहरान से जोड़कर रखेंगे, उन्हें भी एक कमजोर पड़ते और अलग-थलग होते जा रहे शासन के साथ अलगाव का सामना करना पड़ेगा।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम