×

आईपीएल सट्टेबाजी सिंडिकेट मामले में ईडी की कार्रवाई, दीपेश बजोरिया गिरफ्तार

 

गुवाहाटी, 21 सितंबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के गुवाहाटी जोनल ऑफिस-I ने कथित अवैध क्रिकेट सट्टेबाजी सिंडिकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जू रोड निवासी दीपेश बजोरिया को गिरफ्तार किया है।

ईडी के अनुसार, यह मामला गुवाहाटी क्राइम ब्रांच में 11 अक्टूबर 2021 को दर्ज किया गया था। जांच का संबंध असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र में आईपीएल सीजन के दौरान संचालित कथित संगठित अवैध क्रिकेट सट्टेबाजी नेटवर्क से बताया गया है।

ईडी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बजोरिया इस नेटवर्क में कथित तौर पर मुख्य बुकी के रूप में काम कर रहा था। एजेंसी के मुताबिक, वह सट्टेबाजों और पंटर्स से सट्टा स्वीकार करने तथा उसके निपटारे के लिए ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग चैनलों का इस्तेमाल करता था।

जांच में डीआरएम कोक नाम की पार्टनरशिप फर्म के बैंक खाते में हुए लेन-देन भी ईडी के रडार पर आए हैं। एजेंसी ने आगे बताया कि बजोरिया ने खुद को इस फर्म का पार्टनर बताया है। 19 अप्रैल 2022 से 15 मई 2026 के बीच इस खाते में करीब 28.12 करोड़ रुपए जमा हुए, जबकि करीब 28.03 करोड़ रुपए की निकासी हुई। खाते का इस्तेमाल कथित सट्टेबाजी की रकम को स्थानांतरित करने के लिए किया गया।

इससे पहले 26 मई 2026 को पीएमएलए की धारा 17 के तहत बजोरिया से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई थी। ईडी के मुताबिक, तलाशी के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और लग्जरी वाहनों से संबंधित रिकॉर्ड मिले। इसके अलावा ईमेल अकाउंट और मोबाइल उपकरणों से डिजिटल डेटा की इमेज भी ली गई।

एजेंसी का कहना है कि तलाशी के दौरान जुटाई गई सामग्री और पीएमएलए की धारा 50 के तहत दर्ज बयानों की जांच से कथित तौर पर अपराध से प्राप्त रकम को हासिल करने, रखने, इस्तेमाल करने, स्थानांतरित करने और उसे बेदाग संपत्ति के रूप में पेश करने से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। ईडी कई व्यक्तियों और संस्थाओं के बीच हुए वित्तीय लेन-देन, धन के स्रोत, उसकी आवाजाही, इस्तेमाल और कथित वास्तविक लाभार्थियों की भी जांच कर रहा है।

गिरफ्तारी के बाद बजोरिया को गुवाहाटी की सीबीआई अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उसे आगे की जांच के लिए छह दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है। ईडी के अनुसार, मामले में जांच अभी जारी है और वित्तीय लेन-देन तथा कथित सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम