आईपीएल 2027 रिटेंशन: एमएस धोनी रिटेन होंगे या रिलीज, सीएसके की रिटेंशन लिस्ट का इंतजार
नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन (आईपीएल 2027) के लिए मंगलवार का दिन बेहद अहम है। लीग की सभी 10 फ्रेंचाइजियों को मंगलवार शाम तक आईपीएल 2027 के लिए अपने रिटेन खिलाड़ियों की सूची जारी करनी है। यह दिन सीएसके और टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के लिए बेहद अहम है।
आईपीएल 2027 के लिए सभी 10 फ्रेंचाइजी किन खिलाड़ियों को रिटेन करेंगी और किन खिलाड़ियों को रिलीज करेंगी। इस पर क्रिकेट विश्लेषकों और फैंस की नजर बनी है। सबसे ज्यादा दिलचस्पी सीएसके की रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची पर है। इसकी वजह एमएस धोनी हैं।
सीएसके के पूर्व कप्तान एमएस धोनी आईपीएल 2026 में इंजरी की वजह से एक भी मैच नहीं खेल पाए थे। धोनी ने आईपीएल के अगले सीजन में खेलने या न खेलने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। सीएसके की तरफ से भी कोई आधिकारिक बयान धोनी के खेलने या न खेलने पर नहीं आया है। धोनी 45 साल के हो चुके हैं और अगले 7 जुलाई को 46 साल के हो जाएंगे।
क्रिकेट साल दर साल तेज होती जा रही है और आईपीएल का स्तर भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। ऐसे में अगले आईपीएल तक लगभग 46 वर्ष के होने वाले धोनी क्या खेलने के लिए तैयार हैं? क्या वे खेलना चाहते हैं? इन सवालों का जवाब अब तक नहीं मिल सका था, लेकिन सीएसके की रिटेंशन लिस्ट से मिल जाएगा। मंगलवार को सीएसके की रिटेंशन लिस्ट में अगर धोनी का नाम होता है, तो उनके अगले सीजन में खेलने की संभावना बरकरार रहेगी। अगर नहीं, तो अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद धोनी के आईपीएल का यादगार सफर भी समाप्त हो सकता है। इसलिए धोनी की वजह से सभी 10 फ्रेंचाइजियों की रिटेंशन लिस्ट में सबसे ज्यादा इंतजार सीएसके की रिटेंशन लिस्ट का है।
एमएस धोनी सीएसके का सबसे बड़ा चेहरा हैं। उनकी कप्तानी में सीएसके ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है। टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी धोनी का नाम दूसरे नंबर पर हैं। 2008 से 2025 के बीच 272 मैचों की 238 पारियों में 99 बार नाबाद रहते हुए 5,314 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 23 अर्धशतक निकले हैं।
--आईएएनएस
पीएके