☰
×

आईपीएल 2027 में 'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम नहीं हटाया जाना चाहिए, यह समझदारी वाला फैसला नहीं: दिनेश कार्तिक

 

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बैटिंग कोच और मेंटर दिनेश कार्तिक चाहते हैं कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम कम से कम आईपीएल 2027 तक बना रहे। उनका कहना है कि आईपीएल साइकिल के बीच में इस विवादित नियम को हटाना समझदारी भरा फैसला नहीं होगा।

हालांकि, कार्तिक ने इस नियम की आलोचना करते हुए कहा कि इससे भारत के लिए ऑलराउंडर तैयार करने के मौके कम हो रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्होंने आईपीएल 2027 में इस नियम को बनाए रखने का समर्थन किया। 'क्रिकबज' से बात करते हुए उन्होंने कहा कि टीमों ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को ध्यान में रखकर ही अपनी टीमें बनाई हैं, और आईपीएल साइकिल के बीच में इसे हटाना सही नहीं होगा।

कार्तिक ने क्रिकबज के साथ बात करते हुए कहा, "जब यह नियम (इम्पैक्ट प्लेयर) पहली बार आया था, तो यह बहुत अच्छा था क्योंकि तब हाई-स्कोरिंग मैच होते थे और कई टीमें लक्ष्य का पीछा करने के करीब पहुंच जाती थीं। मगर अजीब बात है कि पिछले सीजन में बहुत कम करीबी मैच देखने को मिले। ऐसा लगा जैसे एक टीम ने बहुत ज्यादा रन बनाए और दूसरी टीम ने आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया। अगर आप देखें कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम ने आईपीएल पर कैसा असर डाला है, तो शुरुआत में यह काफी सकारात्मक था। हालांकि, धीरे-धीरे इसका आकर्षण और इसे लाने का मकसद कम होने लगा।"

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस नियम का असर भारत के ऑलराउंडर तैयार न कर पाने पर भी पड़ा है। कार्तिक ने कहा, "इसने खेल को पहले की तुलना में अधिक हाई-स्कोरिंग बनाने में मदद की। मगर इसने निश्चित रूप से एक क्रिकेट देश के तौर पर भारत में ऑलराउंडर तैयार होने की संभावनाओं को कम कर दिया है। हालांकि, मैं यह नहीं चाहूंगा कि इसे इस सीजन के लिए खत्म कर दिया जाए, क्योंकि टीमों को 'इम्पैक्ट प्लेयर' को ध्यान में रखकर चुना गया है।"

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने आगे कहा, "जब आप टीम चुनते हैं, तो आप 12 खिलाड़ियों के आधार पर टीम चुनते हैं जो खेलने वाले हैं। अब अचानक अगर आप इसे 11 कर देते हैं, तो हो सकता है कि कोई टीम 12 खिलाड़ियों के साथ उतनी मजबूत न हो, लेकिन 11 खिलाड़ियों के साथ कहीं बेहतर हो। यह एक अनुचित फायदा है, और इसे इस सीजन के खत्म होने के बाद हटाया जा सकता है। मगर कुल मिलाकर, मुझे लगता है कि शुरुआत में यह काफी अच्छा था, लेकिन अभी यह अपनी उस अहमियत और महत्व को खो रहा है जो शायद इसने फैंस और खिलाड़ियों को दिया था।"

कार्तिक ने आगे कहा कि कोई भी नियम किसी साइकिल (चक्र) की शुरुआत से पहले लाया जाना चाहिए और साइकिल खत्म होने के बाद उसे हटा दिया जाना चाहिए। इसी बात को पुख्ता करते हुए उन्होंने कहा कि वे क्यों चाहते हैं कि यह नियम 2027 तक बना रहे, जब तीन साल की साइकिल भी खत्म हो जाएगा।

उन्होंने कहा, "सबसे पहली बात, यह 'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम बीच में लाया गया था और फिर इसे साइकिल के बीच में ही खत्म कर देना, मुझे नहीं लगता कि कोई समझदारी वाली बात है।"

--आईएएनएस

एसएम/एएस