आईपीएल 2026: पडिक्कल-डेविड ने खेली धमाकेदार पारी, आरसीबी ने 3 विकेट खोकर बनाए 250 रन
बेंगलुरु, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 250 रन लगाए। टिम डेविड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों में 70 रनों की धमाकेदार पारी खेली।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी रही। विराट कोहली और फिल साल्ट ने पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 37 रन जोड़े। कोहली 18 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। फिल साल्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 46 रन बनाए। साल्ट ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। देवदत्त पडिक्कल ने लगातार दूसरे मुकाबले में अर्धशतक लगाया। पडिक्कल ने महज 29 गेंदों का सामना करते हुए 50 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए। पडिक्कल ने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए महज 21 गेंदों में 58 रनों की साझेदारी निभाई।
इसके बाद टिम डेविड और रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 99 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। रजत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों का सामना करते हुए 48 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में रजत ने एक चौका और 6 छक्के लगाए। वहीं, डेविड ने सिर्फ 25 गेंदें खेलते हुए 3 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 70 रन बनाए। टिम डेविड और रजत की धमाकेदार पारियों के दम पर आरसीबी इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। गेंदबाजी में सीएसके की ओर से अंशुल कंबोज, जेमी ओवरटन और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट चटकाया।
ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स इस मुकाबले में संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी और खलील अहमद के साथ उतरी है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु रजत पाटीदार की अगुवाई में इस मुकाबले में फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और जैकब डफी के साथ खेल रही है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी