×

आईपीएल 2026: सुनील नरेन की 'डबल सेंचुरी', इस मामले में बने इकलौते गेंदबाज

 

हैदराबाद, 3 मई (आईएएनएस)। सुनील नरेन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में किसी एक फ्रेंचाइजी की तरफ से खेलते हुए 200 विकेट हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। रविवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 19 ओवर में 165 रन पर समेट दिया, जिसमें नरेन ने गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई।

इस मैच में सुनील नरेन ने 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 31 रन देकर 2 विकेट निकाले। वह आईपीएल करियर में विकेटों का 'दोहरा शतक' लगाने वाले तीसरे गेंदबाज भी बन गए। नरेन इस खास क्लब में शामिल होने वाले पहले विदेशी गेंदबाज भी हैं। आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक विकेट युजवेंद्र चहल के नाम पर हैं, जिन्होंने 182 मुकाबलों में 228 विकेट निकाले हैं, जबकि भुवनेश्वर कुमार 199 मैच में 215 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर हैं। सुनील नरेन ने 197 मुकाबलों में 201 विकेट निकाले हैं। साल 2012 में अपने डेब्यू के बाद से सुनील नरेन केकेआर के मुख्य स्तंभ रहे हैं।

यह नई उपलब्धि न केवल नरेन के लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को दर्शाती है, बल्कि आईपीएल के सबसे प्रभावशाली और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजों में से एक के तौर पर उनकी विरासत को भी मजबूत करती है। उन्होंने यह उपलब्धि पूरी तरह से केकेआर की जर्सी में खेलते हुए हासिल की है।

सुनील नरेन साल 2012, 2014 और 2024 में टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। इस बीच उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन को भी सराहा गया। नरेन साल 2012, 2018 और 2024 में 'मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर' का अवॉर्ड जीत चुके हैं। इसके साथ ही साल 2012 में उन्हें 'पर्पल कैप' भी मिली।

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में एसआरएच पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवरों में महज 165 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए ट्रेविस हेड ने सर्वाधिक 61 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 42 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट हासिल किए। सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट निकाले।

--आईएएनएस

आरएसजी