×

आईपीएल 2026: एसआरएच के लिए 'छक्कों का शतक' लगाने वाले पहले भारतीय बने अभिषेक शर्मा

 

कोलकाता, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से हो रही है। अभिषेक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 48 रनों की दमदार पारी खेली। अभिषेक एसआरएच की तरफ से आईपीएल में छक्कों का शतक पूरा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

केकेआर के खिलाफ 48 रनों की पारी में अभिषेक ने 4 चौके और चार छक्के लगाए। अपनी इस इनिंग में अभिषेक ने सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए 100 छक्के पूरे किए। एसआरएच की ओर से खेलते हुए अभिषेक यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय और ओवरऑल दूसरे बल्लेबाज हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से अब तक 101 छक्के लगाए हैं। अभिषेक से आगे इस लिस्ट में अब सिर्फ डेविड वॉर्नर हैं। वॉर्नर ने एसआरएच की जर्सी में खेलते हुए 143 छक्के लगाए हैं।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरे सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने दमदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 5.4 ओवर में 82 रन जोड़े। अभिषेक ने 21 गेंदों में 48 रनों की आतिशी पारी खेली, तो ट्रेविस हेड ने 21 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। अभिषेक-हेड की तूफानी बल्लेबाजी के बूते एसआरएच ने आईपीएल के पावरप्ले में अपना संयुक्त रूप से चौथा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। छह ओवर के पावरप्ले में टीम एक विकेट खोकर 84 रन बनाने में सफल रही। हालांकि, कप्तान ईशान किशन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 9 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए।

सनराइजर्स हैदराबाद को टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 201 रन बनाए थे। हालांकि, आरसीबी के बल्लेबाजों ने 202 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी