×

आईपीएल 2026: शुरुआती 6 ओवरों में चौके-छक्कों की बरसात, एसआरएच के नाम ये रिकॉर्ड

 

मुल्लांपुर, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने शनिवार को महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के विरुद्ध शानदार शुरुआत की। दोनों खिलाड़ियों ने शुरुआती 6 ओवरों में 105 रन जुटाए। यह आईपीएल इतिहास के शुरुआती 6 ओवरों में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।

इस लिस्ट में टॉप-3 स्कोर सनराइजर्स हैदराबाद के नाम पर हैं। इस टीम ने साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शुरुआती 6 ओवरों में बगैर कोई विकेट गंवाए 125 रन बनाए थे। उसी साल लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शुरुआती 6 ओवरों में 107/0 का स्कोर खड़ा किया। केकेआर की टीम साल 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरुद्ध 1-6 ओवरों के बीच 105/0 का स्कोर बना चुकी है।

मुकाबले के शुरुआती ओवर में अभिषेक शर्मा ने चौका लगाया। इस ओवर से कुल 9 रन आए। अगले ओवर में अभिषेक शर्मा ने जैवियर बार्टलेट को अपना निशाना बनाया। अभिषेक ने इस ओवर में 2 चौके लगाए और टीम के खाते में कुल 10 रन आए।

मुकाबले का तीसरा ओवर अर्शदीप सिंह के हाथों में था। शुरुआती 2 गेंदों पर चौके लगाने के बाद अभिषेक ने चौथी और पांचवीं गेंद पर छक्के लगाए। 10 गेंदों के इस ओवर से कुल 24 रन आए।

इस पारी का चौथा ओवर मार्को जानसेन को सौंपा गया, जिनके खिलाफ ट्रेविस हेड ने 2 चौके और एक छक्का लगाया और इस ओवर से कुल 16 रन आए। पांचवें ओवर में अभिषेक शर्मा ने विजयकुमार वैशाक को निशाने पर लिया। इस ओवर में अभिषेक ने 4 छक्कों के साथ कुल 24 रन टीम के खाते में जोड़े। पावरप्ले के अंतिम ओवर में ट्रेविस हेड ने बार्टलेट को फिर से अपने रडार पर लिया। इस ओवर में उन्होंने 3 चौके और एक छक्का लगाया। टीम ने कुल 21 रन छठे ओवर से जुटाए।

शनिवार को मुल्लांपुर में जारी इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट खोकर 219 रन बनाए। इस पारी में अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में 8 छक्कों और 5 चौकों के साथ 74 रन बनाए, जबकि ट्रेविस हेड ने 23 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 38 रन की पारी खेली। इनके अलावा, हेनरिक क्लासेन ने 39 रन टीम के खाते में जोड़े। पंजाब किंग्स की तरफ से अर्शदीप सिंह और शशांक सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि जैवियर बार्टलेट ने 1 विकेट निकाला।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ इस मैदान पर उतरी है।

वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ईशान किशन की कप्तानी में ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा के साथ इस मैच में खेल रहे हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी