आईपीएल 2026: क्विंटन डी कॉक ने एमएस धोनी का तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड
मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में गुरुवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) की भिड़ंत वानखेड़े के मैदान पर पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। एमआई के बल्लेबाज डी कॉक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
क्विंटन डी कॉक आईपीएल में बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज सबसे ज्यादा 50 से अधिक रनों की पारी खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। डीक कॉक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 25वीं बार आईपीएल में 50 रनों का आंकड़ा पार किया। उन्होंने इस मामले में एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है। धोनी ने इस लीग में 24 बार 50 से ज्यादा रनों की पारी खेली है। इस लिस्ट में सबसे ऊपर केएल राहुल का नाम दर्ज है। राहुल ने 31 बार 50 से अधिक रनों की पारी खेली है।
डी कॉक को चोटिल रोहित शर्मा की जगह पर मुंबई इंडियंस ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमआई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रयान रिकेल्टन 8 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सूर्यकुमार यादव को अर्शदीप सिंह ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद डी कॉक ने तीसरे विकेट के लिए नमन धीर के साथ मिलकर 68 गेंदों में 122 रनों की अहम साझेदारी निभाई। नमन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 50 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान नमन ने 3 चौके और 3 छक्के लगाए।
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझने के कारण रोहित शर्मा इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। वहीं, मिचेल सैंटनर भी पूरी तरह से फिट नहीं होने की वजह से पंजाब किंग्स के खिलाफ एमआई की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। सैंटनर की जगह पर मयंक रावत को टीम में शामिल किया गया है। आईपीएल 2026 का आगाज जीत के साथ करने वाली मुंबई इंडियंस को पिछले तीन मुकाबलों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी