आईपीएल 2026: केकेआर की सलामी जोड़ी 'फ्लॉप', 7 पारियों में जुटाए कुल 144 रन
कोलकाता, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। कप्तान अजिंक्य रहाणे और टिम सीफर्ट की सलामी जोड़ी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के फैंस को निराश किया है। यह जोड़ी शुरुआती 7 पारियों में 20.57 की औसत के साथ सिर्फ 144 रन ही जुटा सकी है। आइए, इस सीजन मैच-दर-मैच केकेआर की सलामी जोड़ी के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
बनाम मुंबई इंडियंस: 29 मार्च को खेले गए इस मैच में कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन की जोड़ी ने 5.2 ओवरों में 69 रन की साझेदारी की। शानदार शुरुआत के बाद केकेआर ने 4 विकेट खोकर 220 रन बनाए, लेकिन मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से मैच अपने नाम किया।
बनाम सनराइजर्स हैदराबाद: 2 अप्रैल को खेले गए इस मैच में 227 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी केकेआर को 1.3 ओवर में 30 के स्कोर पर पहला झटका लगा। फिन एलन (28) कप्तान रहाणे का लंबा साथ नहीं दे सके। इसके बाद टीम महज 161 रन पर सिमट गई। केकेआर को इस मैच में 65 रन से हार का सामना करना पड़ा।
बनाम पंजाब किंग्स: ईडन गार्डन्स में 6 अप्रैल को खेला गया यह मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा। केकेआर को 1.4 ओवर में महज 12 के स्कोर पर फिन एलन (6) के रूप में पहला झटका लगा। टीम ने 3.4 ओवरों में 2 विकेट खोकर 25 रन बना लिए थे, जिसके बाद बारिश ने मैच बर्बाद कर दिया। सलामी बल्लेबाज रहाणे 8 रन बनाकर नाबाद रहे।
बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स: यह मुकाबला 9 अप्रैल को कोलकाता में खेला गया, जिसमें रहाणे-एलन की सलामी जोड़ी मैदान पर उतरी, लेकिन केकेआर ने 1.4 ओवर में 15 के स्कोर पर फिन एलन (9) का विकेट खो दिया। यह टीम निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 181 रन ही बना सकी। एलएसजी ने 3 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।
बनाम चेन्नई सुपर किंग्स: 14 अप्रैल को खेले गए इस मैच में 193 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी केकेआर 160/7 से आगे नहीं बढ़ सकी। केकेआर ने फिन एलन के साथ सुनील नरेन को उतरा, लेकिन केकेआर को 1.4 ओवर में 13 के स्कोर पर फिन एलन (1) के रूप में शुरुआती झटका लग गया, जिसके बाद टीम 32 रन से मैच गंवा बैठी।
बनाम गुजरात टाइटंस: 17 अप्रैल को खेले गए इस मैच में केकेआर ने एक बार फिर सीफर्ट के साथ कप्तान रहाणे को बतौर सलामी बल्लेबाज उतारा, लेकिन चौथी गेंद पर ही कप्तान रहाणे (0) आउट हो गए। यह टीम 180 रन पर सिमट गई, जिसके बाद टाइटंस ने 19.4 ओवरों में 5 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।
बनाम राजस्थान रॉयल्स: 19 अप्रैल को आरआर से मिले 156 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी केकेआर ने पारी की पहली ही गेंद पर टिम सीफर्ट (0) का विकेट खो दिया। महज 5 के कुल स्कोर पर ओपनर रहाणे (0) भी चलते बने। इस विकेट के बाद टीम संकट में आ गई।
--आईएएनएस
आरएसजी