×

आईपीएल 2026: खराब शुरुआत के बाद रिजवी-स्टब्स ने डीसी को संभाला, एलएसजी को 156 रन की दरकार

 

नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 48वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सामने जीत के लिए 156 रन का टारगेट रखा है।

अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला करते हुए डीसी ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 155 रन बनाए। इस टीम को पथुम निसांका और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 4 ओवरों में 29 रन जुटाए।

निसांका 15 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि केएल राहुल ने 13 गेंदों में 2 चौकों के साथ 12 रन टीम के खाते में जोड़े। सलामी जोड़ी के आउट होने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि टीम ने 69 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए थे।

यहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने समीर रिजवी के साथ छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 65 रन की साझेदारी की। स्टब्स 31 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद समीर रिजवी ने मोर्चा संभाला। रिजवी ने 24 गेंदों में 4 छक्कों के साथ नाबाद 40 रन बनाए।

चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से नूर अहमद ने 3 ओवरों में 22 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि अकील हुसैन, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और जेमी ओवरटन ने 1-1 विकेट हासिल किया।

ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, अकील होसेन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह के साथ यह मैच खेल रही है।

दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स अक्षर पटेल की कप्तानी में केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स, नितीश राणा, आशुतोष शर्मा, लुंगी एनगिडी, मिशेल स्टार्क, कुलदीप यादव और टी नटराजन के साथ मुकाबले में उतरी है।

दोनों ही टीमें इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति सुधारना चाहती हैं। सीएसके 9 में से 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में छठे पायदान पर है, जबकि डीसी ने 9 में से इतने ही मुकाबले जीते हैं, लेकिन नेट रन रेट में कमी के कारण यह टीम सातवें स्थान पर मौजूद है।

--आईएएनएस

आरएसजी