×

आईपीएल 2026: जीटी बनाम सीएसके मुकाबलों के वेन्यू में बदलाव, जानिए वजह?

 

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दो मुकाबलों का वेन्यू बदला है। इसकी वजह अहमदाबाद और गुजरात के अन्य इलाकों में नगर निगम चुनाव हैं।

अहमदाबाद के अलावा, सूरत, वडोदरा, राजकोट, भावनगर, जामनगर, करमसद-आनंद, गांधीधाम, नाडियाड, नवसारी, पोरबंदर, मेहसाणा, मोरबी, वापी और सुरेंद्रनगर में भी नगर निगम चुनाव होंगे। वोटों की गिनती 28 अप्रैल को होगी।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की तरफ से जारी एक बयान में संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच दोपहर का मुकाबला मूल रूप से 26 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना था, लेकिन अब यह उसी तारीख को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि, मैच अपने मूल समय यानी भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे ही शुरू होगा।

नतीजतन, दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच, जो 21 मई की शाम को चेन्नई में खेला जाना था, अब अहमदाबाद में होगा और उसका मूल समय शाम 7:30 बजे ही रहेगा।

अभी तक, आईपीएल 2026 के शेष कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में मंगलवार शाम को चेन्नई में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से भिड़ेगी। इससे पहले सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 23 रनों से हराकर प्वाइंट्स टेबल में अपनी शुरुआत की थी। यह टीम फिलहाल 4 में से 3 मैच गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर है।

दूसरी ओर, शुभमन गिल की अगुवाई वाली जीटी 4 में से 2 मैच जीतकर पांचवें स्थान पर मौजूद है। इस टीम ने सीजन के शुरुआती 2 मैच गंवाने के बाद अगले 2 मुकाबलों को अपने नाम किया था। आईपीएल 2022 की विजेता टीम अब शुक्रवार को अहमदाबाद में केकेआर के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।

--आईएएनएस

आरएसजी