आईपीएल 2026: कार्तिक शर्मा का अर्धशतक, सीएसके ने एलएसजी को दिया 188 रन का लक्ष्य
लखनऊ, 15 मई (आईएएनएस)। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा के अर्धशतक की बदौलत 5 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए हैं।
सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने सैमसन, गायकवाड़ और उर्विल पटेल के रूप में शुरुआती 3 विकेट 7.2 ओवर में 52 रन पर गंवा दिए थे। सैमसन 20, गायकवाड़ 9 और पटेल 6 रन बनाकर आउट हुए। कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 70 रनों की बेहद अहम साझेदारी की। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कार्तिक शर्मा ने 42 गेंदों पर 5 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 71 रन की पारी खेली। कार्तिक का सीजन का यह दूसरा अर्धशतक था। डेवाल्ड ब्रेविस ने 16 गेंदों पर 25 रन की पारी खेली। ब्रेविस से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में वह फिर असफल रहे।
शिवम दुबे और प्रशांत वीर ने आखिरी 24 गेंदों पर 45 रन की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 187 तक पहुंचाया। इसमें पारी की आखिरी 4 गेंदों शिवम दुबे द्वारा लगाए 2 छक्के और 2 चौके शामिल हैं। प्रिंस यादव द्वारा फेंकी सीएसके की पारी के आखिरी ओवर में 23 रन बने। दुबे में 16 गेंदों पर 32 और प्रशांत वीर 10 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे।
एलएसजी के लिए आकाश महाराज सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। आकाश ने सैमसन, गायकवाड़, और उर्विल पटेल को आउट कर सीएसके टॉप ऑर्डर को झकझोर दिया था। मोहम्मद शमी और शहबाज अहमद को 1-1 विकेट मिला। प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 49 रन लुटाए, लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला। मयंक यादव ने 4 ओवर में 26 रन दिए, लेकिन विकेट लेने में सफल नहीं रहे।
--आईएएनएस
पीएके