×

आईपीएल 2026: ग्रीन की दमदार पारी, जीटी के खिलाफ 180 रन बनाकर सिमटी केकेआर की पूरी टीम

 

अहमदाबाद, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 25वां मुकाबला शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला जा रहा है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की पूरी टीम 20 ओवर में 180 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अजिंक्य रहाणे को मोहम्मद सिराज ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। नंबर तीन पर उतरे अंगकृष रघुवंशी भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 4 गेंदों में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुए। टिम सीफर्ट भी 14 गेंदों का सामना करने के बाद 19 रन बनाकर आउट हुए। 32 के स्कोर पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही केकेआर की पारी को रोवमैन पॉवेल और कैमरून ग्रीन ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 55 रन जोड़े। पॉवेल 20 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए।

अनुकूल रॉय 7 गेंदों में 9 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने। रिंकू सिंह भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह महज एक रन बनाकर आउट हुए। रमनदीप सिंह ने 8 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाए। हालांकि, कैमरून ग्रीन ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 79 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में ग्रीन ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस की ओर से कगिसो रबाडा ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, सिराज और अशोक शर्मा ने दो-दो विकेट निकाले। राशिद खान और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

शुभमन गिल की अगुवाई में गुजरात टाइटंस इस मुकाबले में साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अशोक शर्मा, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ खेल रही है।

कोलकाता नाइट राइडर्स अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में इस मुकाबले में टिम सीफर्ट, सुनील नरेन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी के साथ मैदान पर उतरी है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी