×

आईपीएल 2026: दिल्ली कैपिटल्स में बेन डकेट की जगह ले सकते हैं ये दो खिलाड़ी

 

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (आईपीएल 2026) की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है। सभी 10 फ्रेंचाइजी आगामी सीजन में दमदार प्रदर्शन के लिए कड़ा अभ्यास कर रही हैं। सीजन की शुरुआत से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के बेन डकेट ने सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है। डीसी को डकेट के विकल्प की तलाश है।

बेन डकेट ने सोशल मीडिया के माध्यम से आईपीएल 2026 से बाहर रहने की जानकारी दी है। इसकी वजह उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करना बताया है। आईपीएल के नियमों के मुताबिक, अगर कोई खिलाड़ी नीलामी में खरीदे जाने के बाद सीजन से ठीक पहले बिना किसी ठोस वजह के अपना नाम वापस लेता है तो उस पर दो सीजन का बैन लगाया जा सकता है। हैरी ब्रूक पर इसी वजह से आईपीएल में दो साल का प्रतिबंध लगा हुआ है। देखना होगा आईपीएल प्रबंधन डकेट के लिए ऐसी घोषणा कब करता है। बहरहाल, दिल्ली कैपिटल्स डकेट के विकल्प की तलाश में है और दो नाम इस रेस में आगे चल रहे हैं।

दिल्ली कैपिटल्स बेन डकेट की जगह अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज या फिर ऑस्ट्रेलियाई जेक फ्रेजर-मैकगर्क में किसी एक को अपने साथ जोड़ सकती है। गुरबाज और मैकगर्क दोनों ही शीर्ष क्रम के बल्लेबाज हैं और डकेट की जगह लेने के लिए श्रेष्ठ विकल्प हैं।

मैकगर्क दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रह चुके हैं। उनके प्रदर्शन में आई गिरावट की वजह से डीसी ने उन्हें सीजन 2026 से पहले रिलीज कर दिया था। मैकगर्क 2024 में टीम के लिए एक भरोसेमंद ओपनर साबित हुए थे और 9 मैचों में 234.04 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए थे। इस प्रदर्शन की वजह से उन्हें डीसी ने 2025 की नीलामी में आरटीएम के तहत टीम के साथ जोड़ा था, लेकिन वह 2025 में 6 मैचों में 55 रन ही बना सके और 2026 सीजन के लिए रिटेन नहीं किए गए। मैकगर्क का भाग्य एक बार फिर खुल सकता है और वह डीसी की जर्सी में नजर आ सकते हैं।

रहमानुल्लाह गुरबाज एक बेहतरीन ओपनर हैं। केकेआर के साथ खेलते हुए उन्हें लीग का लंबा अनुभव है। केकेआर के लिए 19 मैचों में 2 शतक लगाते हुए गुरबाज ने 363 रन बनाए हैं।

--आईएएनएस

पीएके