×

आईपीएल 2026: भुवनेश्वर की बेहतरीन गेंदबाजी, एमआई ने 7 विकेट खोकर बनाए 166 रन

 

रायपुर, 10 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) की भिड़ंत रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ हो रही है। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 166 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भुवनेश्वर कुमार ने पारी के पहले ही ओवर में रयान रिकेल्टन को महज 2 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। इसके बाद रोहित शर्मा 10 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान सूर्यकुमार यादव का निराशाजनक प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा और वह बिना खाता खोले आउट हुए।

28 के स्कोर पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही एमआई की पारी को नमन धीर और तिलक वर्मा ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रनों की अहम साझेदारी निभाई। नमन ने 32 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। वहीं, तिलक वर्मा ने 42 गेंदों में 57 रन बनाए। अपनी इस पारी में तिलक ने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। विल जैक्स सिर्फ 10 रनों का ही योगदान दे सके, जबकि राज बावा 14 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए।

कॉर्बिन बॉश 5 और दीपक चाहर एक रन बनाकर नाबाद रहे। आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार का बेहतरीन प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा। भुवनेश्वर ने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 4 बड़े विकेट निकाले। वहीं, जोश हेजलवुड, रोमारियो शेफर्ड और रसिख सलाम ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

रजत पाटीदार की अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस मुकाबले में विराट कोहली, जैकब बेथेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रसिख सलाम दार के साथ मैदान पर उतरी है।

मुंबई इंडियंस सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में इस मुकाबले में रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर के साथ खेल रही है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी