इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन ने आईएसएएम के 65वें वार्षिक सम्मेलन का किया आयोजन
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सोसाइटी ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन (आईएसएएम) का 65 वां वार्षिक सम्मेलन 26 और 27 नवंबर को बेंगलुरु स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन (आईएएम) में आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने किया।
इस अवसर पर देश-विदेश के कई सैन्य व असैन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह सम्मेलन ‘एक वायुक्षेत्र–एक मिशन: हवाई पट्टी से अंतरिक्ष तक एयरोमेडिकल सहायता’ विषय पर आधारित था, जिसमें एयरोस्पेस चिकित्सा के एकीकृत दृष्टिकोण को प्रस्तुत किया गया। इस आयोजन में सैन्य विमानन, नागर विमानन और मानव अंतरिक्ष उड़ान जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया। सम्मेलन में इस बात पर भी जोर दिया गया कि हवाई पट्टी पर विमान संचालन से लेकर अंतरिक्ष अभियानों तक सुरक्षा, कार्यक्षमता और मिशन की सफलता सुनिश्चित करने में हवाई चिकित्सा सहायता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
यह सम्मेलन विशेषज्ञों के अनुभव और ज्ञान के आदान-प्रदान का साझा मंच बना। इसमें रक्षा बलों के कर्मियों, भारतीय वायुसेना के एयर क्रू सदस्यों के साथ ही इसरो, डीआरडीओ और एचएएल के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने भी भाग लिया। महानिदेशक चिकित्सा सेवाएं (वायु) एयर मार्शल विवेक हांडे ने अध्यक्षीय संबोधन दिया। उन्होंने एयर क्रू की कार्यक्षमता बढ़ाने और अंतरिक्ष में मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में एयरोस्पेस चिकित्सा की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
इस सम्मेलन में 'एयर मार्शल सुब्रतो मुखर्जी स्मृति व्याख्यान' के आयोजन के साथ इसकी समृद्ध बौद्धिक परंपरा को भी आगे बढ़ाया गया। यह व्याख्यान सीईएमआईएलएसी के मुख्य कार्यकारी एपीवीएस प्रसाद ने दिया। यह प्रतिष्ठित मंच पहले डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और विंग कमांडर राकेश शर्मा जैसी विशिष्ट हस्तियों की मेजबानी कर चुका है। यह आयोजन संस्थान की समृद्ध शैक्षणिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।
एयर वाइस मार्शल अनुपम अग्रवाल (सेवानिवृत्त) ने ‘विमानन चिकित्सा के जनक’ को समर्पित ‘एयर वाइस मार्शल एम.एम. श्रीनागेश स्मृति व्याख्यान’ प्रस्तुत किया। ‘जे.एच.एफ. मानेकशॉ पैनल’ में विंग कमांडर सुरेंद्र सोढ़ी (सेवानिवृत्त) ने अपने विशेषज्ञ विचार साझा किए, जो हवाई चिकित्सा सेवाओं के मुख्य सलाहकार और कनाडा की एम.डी. ऑनबोर्ड संस्था से जुड़े हैं। उनके अतिरिक्त कर्नल के.एन. राव (सेवानिवृत्त) ने भी अपने अनुभव साझा किये, जो कनाडा में अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आईसीएओ) के तकनीकी अधिकारी हैं। स्काई रूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पवन चंदाना ने सम्मेलन के अंतरिक्ष-केंद्रित दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए, अंतरिक्ष यात्री विंग कमांडर राकेश शर्मा द्वारा संचालित ‘कॉस्मोनॉट राकेश शर्मा व्याख्यान श्रृंखला’ में मुख्य संबोधन दिया।
पूरे आयोजन में सम्मेलन का वैज्ञानिक एजेंडा व्यापक और विविध रहा। इसमें परिवर्तित गुरुत्वाकर्षण स्थितियों और अंतरिक्ष उड़ान से जुड़ी चिकित्सा संबंधी चुनौतियों से लेकर नागरिक विमानन में आने वाली मनोवैज्ञानिक समस्याओं तक विभिन्न विषयों पर विस्तार से बातचीत की गई।
सम्मेलन में प्रमुख चर्चाएं चालक दल की कार्यक्षमता बढ़ाने, स्वदेशी विमान अभिकल्पना और विमान से आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलने से लेकर अत्यधिक प्रतिकूल बाहरी परिस्थितियों तक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर केंद्रित रहीं। महत्वपूर्ण सत्रों में लड़ाकू विमानन में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और जमीनी सिमुलेशन को अंतरिक्ष उड़ान से जोड़ने जैसे विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इसके अलावा, युवा शोधकर्ताओं ने अपने नवीन एवं महत्वपूर्ण शोध प्रस्तुत किए, जो एयरोस्पेस चिकित्सा के भविष्य की दिशा तय करने में सहायक सिद्ध हो सकते हैं।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम